हरियाणा ने पंजाब के लिए बढ़ाया भाईचारे का हाथ, सीएम सैनी बोले- दोनों राज्य एक दूसरे के सुख-दुख के साथी
हरियाणा राज्य भारी बारिश के कारण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है फिर भी उसने पंजाब में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए 650 ट्रक राहत सामग्री भेजी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पांच करोड़ रुपये की आर्थिक मदद भी दी है। हरियाणा सरकार और भाजपा संगठन मिलकर राहत सामग्री भेज रहे हैं।

राज्य ब्यूरो, पंचकूला। हरियाणा के करीब पांच हजार गांव भारी बारिश के चलते प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे हैं, लेकिन संकट की इस घड़ी में भी हरियाणा ने अपने बड़े भाई पंजाब के प्रति भाईचारे का धर्म निभाया है। पंजाब में आई बाढ़ से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए हरियाणा सरकार ने राहत सामग्री पहुंचाकर मानवीय मिसाल पेश की है।
यह स्थिति तब है, जब हरियाणा का पंजाब के साथ कई अंतरराज्यीय मसलों को लेकर अक्सर विवाद बना रहता है। संकट की इस घड़ी में हरियाणा ने सारे विवादों को भुला मानवता को सबसे ऊपर रखा।
अब तक 650 करोड़ ट्रक राहत सामग्री के भिजवाए
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए न केवल पांच करोड़ रुपये की आर्थिक मदद की, बल्कि अब तक लगभग 650 ट्रक राहत सामग्री पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना की जा चुकी है। पंजाब की मदद करने का यह सिलसिला राज्य के हर जिले से जारी है।
सरकार और भाजपा संगठन के स्तर पर राहत सामग्री से भरे ट्रक लगातार पंजाब भेजे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी स्वयं हरियाणा के दौरे पर हैं।
कई जिलों में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों से मिलकर न केवल उनका हालचाल जान चुके हैं, बल्कि अधिकारियों को पीड़ितों की मदद के निर्देश दे रहे हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय के अनुसार श्रीगुरुग्रंथ साहिब जी की इस पावन वाणी से प्रेरित मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहल की है।
नायब सैनी ने कहा था कि पंजाब के लोगों को यदि पीने के पानी की आवश्यकता होगी तो हरियाणा अपने भूमिगत जल से भी पानी उपलब्ध करवाएगा। आज पानी की नहीं, बल्कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को सहायता की आवश्यकता है और हरियाणा सरकार हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है।
'हरियाणा और पंजाब एक दूसरे के सुख-दुख के साथी'
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा और पंजाब न केवल पड़ोसी राज्य हैं, बल्कि एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी भी हैं। पंजाब और हरियाणा का बड़े और छोटे भाई का रिश्ता है। हरियाणा के लोग पंजाब के प्रत्येक नागरिक के साथ भाई की तरह खड़े हैं।
इस आपदा की घड़ी में हरसंभव मदद आगे भी जारी रखेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि हरियाणा सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों में पूर्ण सहयोग करेगी।
नायब सैनी ने कहा कि संकट की घड़ी में सहयोग ही सबसे बड़ा धर्म है। हरियाणा सरकार पंजाब के भाइयों और बहनों को यह भरोसा दिलाती है कि वे अकेले नहीं हैं। पंजाब का पड़ोसी राज्य हरियाणा पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ उनके साथ खड़ा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।