हरियाणा के सरकारी अस्पतालों को जल्द मिलेंगे नए डॉक्टर, 777 पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में वेटिंग लिस्ट के डॉक्टरों को जल्द नियुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री को भेजी फाइल मंजूरी का इंतजार है। 777 में से 502 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र मिले। शेष 275 पदों के लिए 126 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र मिलने बाकी हैं। विधानसभा में मुद्दा उठने से पहले भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग में अब वेटिंग लिस्ट में शामिल रहे डॉक्टरों को जल्द तैनाती दी जाएगी। इस संबंध में विभाग की तरफ से फाइल मुख्यमंत्री को भेज दी गई है। यहां कई दिनों से फाइल अटकने के कारण तैनाती प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों के 777 खाली पद भरने की कवायद पिछले कई माह से चल रही है, लेकिन अभी तक इन पदों पर शत-प्रतिशत तैनाती नहीं हो पाई है।
इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के बाद सरकार की तरफ से 502 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे। अब शेष बचे 275 पदों पर भर्ती के लिए वेटिंग लिस्ट में से 126 डॉक्टरों को डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद नियुक्ति पत्र सौंपे जाने हैं। यह डॉक्टर पिछले करीब दो माह से ज्वाइनिंग का इंतजार कर रहे हैं। अभी तक इन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिले हैं।
सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के रिक्त पदों का मुद्दा विधानसभा के बजट सत्र में भी उठा था। इसके जवाब में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश में डॉक्टरों के करीब 777 रिक्त पदों को भरने का एलान किया था। अब निकट भविष्य में विधानसभा का मानसून सत्र आने वाला है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग चाहता है कि विधानसभा में दोबारा यह मुद्दा उठने से पहले ही भर्ती प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाए।
नियुक्ति पत्र से जुड़ी फाइल सीएम नायब सिंह सैनी के पास पहुंच गई है। अब वहां से जल्द ही मंजूरी मिलने की संभावना है जिसके बाद इन डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। अभी वेटिंग लिस्ट से जुड़े 126 डॉक्टरों की ज्वाइनिंग नहीं हो पाई है, जबकि विभाग ने वेटिंग लिस्ट से ही जुड़े 58 अन्य डॉक्टरों को दस्तावेजों की जांच के लिए पंचकूला स्थित मुख्यालय पर बुलाया गया है।
प्रदेश में डॉक्टरों के खाली 777 पदों पर भर्ती के लिए रोहतक पीजीआई द्वारा परीक्षा ली गई थी। इसका परिणाम स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया गया था। अब उनमें से शार्टलिस्टेड उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच और बायोमेट्रिक के लिए बुलाया जा रहा है, ताकि इन्हें नियुक्ति पत्र देकर प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में बनी डॉक्टरों को कमी को पूरा किया जा सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।