Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब कहां अटकी हरियाणा कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की सूची? राहुल गांधी ने दिया है 15 जुलाई तक का समय

    Updated: Mon, 14 Jul 2025 07:46 PM (IST)

    कांग्रेस में हरियाणा के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में देरी हो रही है। केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने पैनल सौंप दिया है लेकिन नामों पर मंथन जारी है। राहुल गांधी के निर्देश के बावजूद 15 जुलाई तक घोषणा नहीं हो पाई। अब प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता के नामों पर भी विचार चल रहा है। जातीय संतुलन साधने की कोशिश में कांग्रेस जुटी है जिसके बाद नामों की लिस्ट जारी होगी।

    Hero Image
    हरियाणा के नेताओं के साथ चर्चा के चक्कर में अटकी जिलाध्यक्षों की सूची (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षकों द्वारा जिलाध्यक्षों के पैनल पार्टी हाईकमान को सौंप दिए जाने के बावजूद जिलाध्यक्षों की घोषणा में अभी समय लग सकता है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से पैनल में शामिल नामों पर केंद्रीय पर्यवेक्षकों की राय ली जा चुकी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ इन नामों पर चर्चा होगी, जिसके बाद जिलाध्यक्षों की सूची जारी हो सकती है। इस प्रक्रिया में एक पखवाड़ा और लग सकता है। यानी जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा के लिए पूरे जुलाई माह तक इंतजार करना पड़ सकता है।

    राहुल गांधी ने दिया था इतने दिन का समय

    कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में 30 जून तक संगठन बनाने के निर्देश पार्टी प्रभारी व सह प्रभारियों को दिए थे। पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने 15 जुलाई तक जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा हो जाने का संकेत दिया था, लेकिन यह समय अवधि मंगलवार को पूरी हो जाएगी, मगर अभी तक जिलाध्यक्षों के नाम फाइनल नहीं हो पाए हैं।

    कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षकों की ओर से प्रत्येक जिले में छह-छह दावेदारों के नामों के पैनल हाईकमान को दिए जा चुके हैं। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ बैठकें करने का दौर पूरा हो चुका है और अब हरियाणा कांग्रेस के नेताओं से उनकी राय जानी जाएगी।

    11 साल से संगठन बनने का इंतजार

    कांग्रेस में पिछले 11 साल से संगठन बनने का इंतजार कर रहे जिलाध्यक्ष पद के दावेदार कई नेताओं का कहना है कि जब कांग्रेस हाईकमान को हरियाणा के प्रमुख नेताओं से पैनल में शामिल नामों पर चर्चा ही की जानी है तो फिर केंद्रीय पर्यवेक्षकों के माध्यम से कराई गई इस कसरत का फायदा क्या है।

    प्रदेश स्तरीय नेता किसी भी सूरत में अपनी निष्पक्ष राय कांग्रेस हाईकमान को नहीं दे सकते, क्योंकि हर नेता अपनी पसंद के जिलाध्यक्ष बनवाना चाहेगा। इसलिए कांग्रेस हाईकमान यदि वास्तव में संगठन बनाने के लिए गंभीर है तो उसे हरियाणा के नेताओं के साथ चर्चा किए बिना ही जिलाध्यक्षों की घोषणा करनी चाहिए।

    क्यों नहीं जारी हो रही लिस्ट?

    कांग्रेस के दिल्ली से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिलाध्यक्षों से काम पार्टी के राज्य स्तरीय नेताओं से लेना है। इसलिए उनकी राय बेहद जरूरी है। बताया जाता है कि राज्य स्तरीय नेताओं के साथ चर्चा होते ही पूरी लिस्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के पास जाएगी, जहां से मंजूरी मिलते ही जिलाध्यक्षों की सूची तुरंत जारी कर दी जाएगी।

    गुजरात में हाल ही में जिलाध्यक्षों की घोषणा हो चुकी है, जिसमें जातीय संतुलन साधने का पूरा ध्यान रखा गया है। हरियाणा में भी कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की घोषणा में जातीय संतुलन साधने पर पार्टी का पूरा फोकस रहने वाला है।

    प्रदेशाध्यक्ष और विधायक दल के नेता का भी होना है एलान

    जिलाध्यक्षाें के साथ-साथ केंद्रीय नेतृत्व प्रदेशाध्यक्ष व कांग्रेस विधायक दल के नेता के नाम को लेकर भी मंथन कर रहा है। इन दोनों पदों पर फैसला लटका हुआ है। पिछले साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो गए थे लेकिन कांग्रेस अभी तक विधायक दल के नेता का नाम तय नहीं कर पाई है।

    मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है। इन दोनों पदों पर क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन साधने की कोशिश में कांग्रेस जुटी है, लेकिन किसी सर्वमान्य नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है।

    खरगे और राहुल के पास जाएगी रिपोर्ट

    हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी एवं पार्टी के नेशनल सेक्रेटरी जितेंद्र बघेल के अनुसार हरियाणा में कांग्रेस के ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ के पहले चरण में जिलाध्यक्षों की चयन प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए होमवर्क पूरा किया जा चुका है।

    फील्ड से आए फीडबैक और केंद्रीय पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर मोटे तौर पर चर्चा की जा चुकी है। अब पूरी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पास जाएगी। इसके बाद ही जिलाध्यक्षों की लिस्ट जारी होगी। इस प्रक्रिया के पूरी होते ही बाकी राज्य स्तरीय पदों पर भी विचार किया जाएगा।

    comedy show banner
    comedy show banner