खत्म हुआ ग्रुप-D कर्मचारियों का इंतजार, हरियाणा में जिला-स्तरीय नियुति प्रक्रिया शुरू
हरियाणा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो गई है। मानव संसाधन विभाग ने जिलेवार सूची जारी कर दी है जिसके अनुसार कर्मचारियों को जिलों में पदस्थापित किया जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण कराने के निर्देश दिए हैं। यह भर्ती 2023 में की गई थी जिससे सरकारी दफ्तरों में कार्यक्षमता बढ़ने की उम्मीद है।

राज्य ब्यूरो, पंचकूला।
हरियाणा में लंबे इंतजार के बाद कॉमन काडर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विज्ञापन संख्या 01/2023 के तहत भर्ती हुए और पहले ही डिविजनल कमिश्नर व डीसी पंचकूला कार्यालय में ज्वाइन कर चुके कर्मचारियों को अब जिलों में पदस्थापना दी जाएगी।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से सभी प्रशासनिक सचिवों व विभागाध्यक्षों को ईमेल के जरिए जिला-वार सूची भेज दी है। आदेश में कहा गया है कि कर्मचारियों को तुरंत कार्यभार ग्रहण करने दिया जाए।
सक्षम प्राधिकारी जिला स्तर पर उनके विशेष कार्यालयों में पदस्थापना आदेश जारी करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और चरित्र सत्यापन की औपचारिकताएं पूरी की जाएं।
हर जिले में एक नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा, जो कर्मचारियों की ज्वाइनिंग प्रक्रिया की निगरानी करेगा। कर्मचारियों की ज्वाइनिंग का डेटा आनलाइन पोर्टल पर अपडेट करना भी अनिवार्य किया गया है।
2023 में हुई थी भर्ती
हरियाणा सरकार ने वर्ष 2023 में ग्रुप-डी के कॉमन काडर के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया था। बड़ी संख्या में युवाओं ने इसमें आवेदन किया और चयनित हुए। चयनित उम्मीदवारों को सबसे पहले डिविजनल कमिश्नर व डीसी पंचकूला कार्यालय में अस्थायी तौर पर ज्वाइन करवाया गया था।
अब औपचारिक रूप से उन्हें जिलों में नियुक्ति दी जा रही है। ग्रुप-डी कर्मचारियों की तैनाती से स्कूलों, अस्पतालों, तहसीलों और अन्य सरकारी दफ्तरों में कार्यक्षमता बढ़ेगी। इससे न केवल नई नियुक्तियों का रास्ता साफ होगा, बल्कि आम लोगों को भी सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिलने लगेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।