'यार मैंनू यूं थोड़ी पता था कि म्हारा जमाई ऐसा लिकड़ैगा', CM सैनी ने भगवंत मान पर कसा तंज
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लुधियाना दौरे पर भाखड़ा-नंगल जल विवाद को लेकर प्रदर्शन हुआ। सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर चुटकी ली। उन्होंने लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रचार किया और पंजाब के उद्यमियों को हरियाणा में निवेश का न्योता दिया जहां उद्योगों के लिए विशेष सुविधाएँ दी जा रही हैं।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा और पंजाब में भाखड़ा-नंगल परियोजना के पानी को लेकर छिड़ा विवाद भले ही शांत हो गया है, लेकिन पानी पर राजनीति थमती नहीं दिख रही। शनिवार को लुधियाना दौरे पर पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले को पंजाब के राजनीतिक दलों से जुड़े कुछ प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए रोकने की कोशिश की।
हालांकि काफिले में शामिल पायलट गाड़ी और सुरक्षा कर्मियों की मदद से उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया। बाद में मीडिया से बातचीत में जब यह मामला उठा तो नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर चुटकी लेते हुए कहा कि यार मैंनू यूं थोड़ी पता था कि म्हारा जमाई ऐसा लिकड़ैगा।
नायब सिंह सैनी लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 19 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी जीवन गुप्ता के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान औद्योगिक संस्थानों और समाज के प्रबुद्ध वर्ग को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की धरती गुरुओं, पीरों और वीरों की भूमि रही है, जो हमेशा देश को मार्गदर्शन देने में अग्रणी रही है। पंजाब और हरियाणा मिलकर विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। इस दौरान आल इंडस्ट्रियलिस्ट सोसाइटी लुधियाना ने उनका स्वागत भी किया।
पंजाब के उद्यमियों को हरियाणा में निवेश का न्योता देते हुए नायब सैनी ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए एक छत के नीचे सभी आवश्यक अनुमतियां और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। दस जिलों में नई आइएमटी बनाई जाएंगी। 15 दिन के भीतर एनओसी जारी करने की व्यवस्था बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जा रहा है ताकि औद्योगिक विकास को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के उद्योगपतियों से उन्होंने मुलाकात की थी। उनकी सरकार ने उनके सुझावों को गंभीरता से लिया है। सरकार का लक्ष्य है कि औद्योगिक विकास में उद्योगपतियों की भागीदारी सुनिश्चित हो और उनकी जरूरतों के अनुरूप नीतियां बनाई जाएं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।