'राहुल गांधी में ज्ञान की कमी है...', मतदाता सूची पर सवाल उठाने पर मोहन लाल बडौली ने किया पलटवार
हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने राहुल गांधी पर मतदाता सूची और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने पर अज्ञानता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को भ्रामक बातें फैलाने और झूठ बोलने की आदत है। बडौली ने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता लिस्ट में संशोधन का स्वागत किया जिससे मृतकों और प्रवासियों के नाम हटेंगे।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने वाले राहुल गांधी में ज्ञान की कमी है। क्या बोलना चाहिए और क्या नहीं बोलना चाहिए, राहुल गांधी को इसका पता नहीं है।
बडौली ने कहा कि भ्रामक बातें फैलाना और झूठ बोलना कांग्रेस नेताओं और राहुल गांधी की आदत बन गई है। वोट घटती बढ़ती रहती है। कांग्रेस के लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
मोहन लाल बडौली ने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता लिस्ट में संशोधन करने की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उन लोगों के नाम कटेंगे, जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है या फिर मतदाता अपने बताए पते पर नहीं रहते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बहुत सारे प्रवासी लोग रहते हैं और अपनी वोट बनवा लेते हैं, ऐसे में उन लोगों की भी वोट कट जाएगी, जो अपने-अपने प्रदेशों में लौट चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता लिस्ट में संशोधन होना अच्छी शुरुआत है। मोहन लाल बडौली ने कहा कि 2004 से 2014 तक हरियाणा में 4.1 प्रतिशत वोट बढ़ी थी। 2014 से 2025 तक भाजपा शासन में 4.4 प्रतिशत वोट बढ़ी है, सिर्फ प्वाइंट 3 का फर्क है। उन्होंने कहा कि वोट घटना-बढ़ना एक सामान्य प्रक्रिया है।
कांग्रेस को तो मतदाता सूची में संशोधन का स्वागत करना चाहिए।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2029 में परिसीमन होगा, तब बूथ भी इधर से उधर होंगे और विधानसभाएं भी नई बनेंगी। परिसीमन से पहले कांग्रेस पार्टी द्वारा इस तरह का माहौल बनाना और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
बडौली ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता जिस तरह की बयानबाजी और प्रदर्शन कर रहे हैं, वह निदंनीय है। देश और हरियाणा की जनता ने लोकतंत्र की मर्यादा में रहते हुए भाजपा की सरकार बनाई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।