Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा शहरी निकाय चुनाव विधानसभा की तरह लड़ेगी बीजेपी, पार्टी का फाइनल पैनल तैयार; कोर टीम ने किया मंथन

    हरियाणा के शहरी निकाय चुनावों के लिए बीजेपी ने कमर कस ली है। पार्टी ने उम्मीदवारों के अंतिम पैनल तैयार कर लिए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और जेपी नड्डा के साथ चर्चा के बाद बीजेपी की कोर कमेटी ने इन पैनलों पर मुहर लगाई है। अगले दो से तीन दिनों के भीतर भाजपा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

    By Anurag Aggarwa Edited By: Prince Sharma Updated: Tue, 11 Feb 2025 11:30 PM (IST)
    Hero Image
    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जेपी नड्डा के साथ (सोशल मीडिया)

    राज्य ब्यूरो,चंडीगढ़। हरियाणा के शहरी निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा अगले दो से तीन दिनों के भीतर कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने मंगलवार को नई दिल्ली में पहले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उसके बाद दोनों नेता भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले। मनोहर लाल और जेपी नड्डा के साथ राज्य के सभी 10 नगर निगमों के मेयर तथा नगर परिषदों व पालिका अध्यक्षों के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के बाद हरियाणा भाजपा की कोर कमेटी ने इन संभावित नामों पर अपनी सहमति की मुहर लगाई है।

    तीन से चार दावेदारों के पैनल को दिया गया अंतिम रूप

    प्रत्येक नगर निगम में भाजपा के पांच से 10 तक दावेदार हैं, जिनमें से तीन से चार दावेदारों के पैनलों को अंतिम रूप दिया गया। भाजपा नगर निगमों के चुनाव को विधानसभा चुनाव की तरह लड़ेगी, इस संकल्प के साथ हरियाणा भाजपा की कोर कमेटी की नई दिल्ली में हुई बैठक में संभावित उम्मीदवारों के फाइनल पैनल तैयार किए जा चुके हैं, जिन्हें पार्टी हाईकमान को भेज दिया गया है।

    भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की तीन दिन पहले नई दिल्ली में हुई बैठक में सभी दावेदारों के नामों पर चर्चा हो चुकी है, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली व संगठन मंत्री फणीनद्रनाथ शर्मा ने इन पैनलों को शार्टलिस्ट किया। राज्य में दो मार्च व नौ मार्च को शहरी निकाय चुनाव हैं। 17 फरवरी तक नामांकन भरे जा सकेंगे।

    केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ नायब सिंह सैनी, मोहन लाल बडौली और फणीन्द्रनाथ शर्मा ने नगर निगमों के मेयर पद के मजबूत दावेदारों के नामों पर चर्चा की, जिसके बाद प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में इन नामों पर विस्तार से मंथन हुआ है।

    कोर टीम में ये नेता रहे शामिल

    हरियाणा भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक में प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया, मुख्यमंत्री नायब सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य डा. सुधा यादव, कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, सत्यप्रकाश जरावता, सांसद रामचंद्र जांगड़ा, सांसद धर्मबीर सिंह और पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने भागीदारी करते हुए फाइनल पैनल तैयार किए।

    कोर ग्रुप की बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिलने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा भाजपा के सह प्रभारी सुरेंद्र नागर के साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने गये।

    वहां केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ चर्चा हुए पैनलों पर विस्तार से बातचीत की गई, जिनमें मामूली सुझाव तथा संशोधनों के बाद सैद्धांतिक रूप से उन्हें मंजूरी प्रदान कर दी गई है। अगले दो से तीन दिनों के भीतर सभी उम्मीदवार घोषित कर दिये जाएंगे।

    अन्य दलों के मुकाबले भाजपा के पास ज्यादा दावेदार

    राज्य में 34 शहरी निकायों में चुनाव होंगे। हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, पानीपत, हिसार, करनाल, रोहतक व यमुनानगर नगर निगम तथा गुरुग्राम जिले में पटौदी, कुरुक्षेत्र जिले में थानेसर, सिरसा तथा अंबाला छावनी नगर परिषदों में चुनाव होंगे।

    इसके अलावा सोनीपत व अंबाला में केवल मेयर पद के लिए चुनाव होंगे। इस कार्यक्रम के अनुसार हरियाणा की 10 सीटों पर मेयर के लिए चुनाव होगा। यह चुनाव विधायक की तरह होगा, जिसमें जनता स्वयं अपना मेयर चुनेगी। हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाए जाने के बाद भाजपा के पास कांग्रेस व अन्य दलों के मुकाबले अधिक आवेदन आ रहे हैं।

    भाजपा का शहरी निकाय चुनाव के लिए ट्रिपल इंजन सरकार का नारा

    हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के अनुसार पार्टी निकाय चुनाव को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। भाजपा ने इस चुनाव के लिए ट्रिपल इंजन सरकार का नारा दिया है।

    प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में मेयर तथा परिषद चेयरमैन के लिए पैनल बना लिया गया है। प्रत्येक पैनल में तीन से पांच मजबूत दावेदारों के नाम शामिल किए गए हैं। कोर ग्रुप की बैठक में इन पर अंतिम चर्चा हो गई है। हाईकमान की स्वीकृति से जल्दी ही प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया जाएगा।

    चुनाव छोटा हो या बड़ा, भाजपा हमेशा गंभीरता से लड़ती है

    मंगलवार को नई दिल्ली भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें आगामी नगर निकाय चुनावों के निमित्त मेयर और चेयरमैन के नामों पर चर्चा कर फाइनल पैनल बनाए गए हैं। इन पैनलों पर केंद्रीय नेतृत्व जल्दी ही फैसला करेगा। चुनाव चाहे छोटा हो या बड़ा, भाजपा चुनाव को लेकर हमेशा गंभीर रहती है। प्रत्येक कार्यकर्ता उसे गंभीरता से लड़ता है। हरियाणा के स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी में भी पार्टी कार्यकर्ता जी-जान से लगे हुए हैं और इनमें भी भाजपा अपना परचम लहराएगी। गुरुग्राम के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के जन्मदिन के अवसर पर सभी ने मुंह मीठा करवाकर शुभकामनाएं दी।

    - नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री, हरियाणा