Updated: Fri, 22 Aug 2025 08:27 PM (IST)
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र भावुकता के साथ शुरू हुआ। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शोक प्रस्ताव पेश करते हुए सत्यपाल मलिक और अन्य दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार न होने पर सवाल उठाया। सदन ने अन्य पूर्व विधायकों और स्वतंत्रता सेनानियों को भी श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा गया।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार को भावुक अंदाज में शुरू हुआ। सदन की कार्यवाही की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा पेश किए गए शोक प्रस्ताव से हुई, जिसमें जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक समेत जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मारे गए नागरिकों को श्रद्धांजलि दी गई।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सत्यपाल मलिक की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ न किए जाने पर सवाल उठाया। हुड्डा ने कहा कि सत्यपाल मलिक का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होना चाहिए था।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जवाब देते हुए कहा कि सत्यपाल मलिक ने जम्मू-कश्मीर, मेघालय, गोवा, उड़ीसा और बिहार में राज्यपाल के पद पर रहते हुए इन पदों की गरिमा में वृद्धि की और देश हमेशा उनकी सेवाओं को याद रखेगा।
सदन में पूर्व विधायक इंद्र सिंह नैन, हरी राम वाल्मीकि, स्वतंत्रता सेनानी मंगल सिंह को भी श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री के बाद विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से भूपेंद्र सिंह हुड्डा और इनेलो की ओर से डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी।
सदन के स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने शोक प्रस्ताव पेश किया। सभी दीर्घाओं में मौजूद अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और दर्शकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों को याद किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।