Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बीजेपी में टिकटों की घोषणा के बाद दनादन इस्तीफे, हरियाणा के पूर्व विधायक-मंत्री सहित 250 नेताओं ने छोड़ी पार्टी

    Updated: Thu, 05 Sep 2024 11:23 PM (IST)

    Haryana Assembly Election 2024 हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 67 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। इसके बाद से ही पार्टी में टिकट न मिलने से नाराज नेताओं के इस्तीफे का सिलसिला शुरू हो गया है। अब तक 250 से अधिक नेता और पदाधिकारी पार्टी छोड़ चुके हैं। इनमें मंत्री विधायक पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक भी शामिल हैं।

    Hero Image
    हरियाणा में 250 से ज्यादा नेताओं से बीजेपी छोड़ दी है

    सुधीर तंवर, चंडीगढ़। Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में जैसे ही भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची (BJP First Candidates List) जारी की। उसके कुछ समय बाद ही प्रदेश के पूर्व विधायकों, मंत्रियों व नेताओं ने इस्तीफा देना शुरू कर दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रदेश में अब तक पूर्व मंत्री व विधायकों सहित 250 से अधिक नेताओं व पदाधिकारियों ने विभिन्न पदों से इस्तीफा देते हुए पार्टी छोड़ दी है। सूची जारी होने के बाद जहां कुछ नेताओं की आंखों में टिकट न मिलने को लेकर गम के आंसू थे तो वहीं कुछ नेता टिकट पाकर खुशी की आंसू रो रहे थे।

    लिस्ट जारी होते ही सबसे पहले हरियाणा भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कर्णदेव कंबोज ने त्यागपत्र दिया। वह भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं।

    हालांकि, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आज उनसे मुलाकात भी की। इस बीच समर्थकों ने मांग उठाई कि कर्णदेव को इंद्री या फिर किसी दूसरी विधानसभा सीट से टिकट दी जाए। उस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी समर्थकों को आश्वासन भी दिया।

    कोई खुशी मे तो कोई गम में रोया

    सोनीपत सीट से टिकट कटने के बाद समर्थकों के साथ बैठक में पूर्व मंत्री कविता जैन और भिवानी में पूर्व विधायक शशि रंजन परमार की आंखों में आंसू नजर आए। संवाददाताओं के साथ वार्ता के समय रंजन खुद के जज्बात रोक न सके और रो दिए। वहीं, करनाल से प्रत्याशी घोषित जगमोहन आनंद की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था। वह खुशी में जमकर रोए।

    सावित्री जिंदल निर्दलीय लड़ेंगी चुनाव

    भाजपा ने मौजूदा नौ विधायकों को टिकट नहीं दिया है। ऐसी चर्चा थी कि हिसार से भाजपा पूर्व मंत्री व सांसद नवीन जिंदल की माता सावित्री जिंदल पर दांव खेलेगी। मगर भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया। जिसके बाद उन्होंने आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया। सावित्री जिंदल का नाम देश की सबसे अमीर महिला के रूप में दर्ज है। सावित्री जिंदल ने इस बात पर जोर दिया कि वह हर हाल में चुनाव लड़ेंगी।

    यह भी पढें- Haryana Election: भाजपा विधायक लक्ष्मण नापा ने थामा कांग्रेस का हाथ, भूपेंद्र हुड्डा बोले- सही समय पर लिया सही फैसला

    रणजीत चौटाला का भी कटा टिकट

    हरियाणा सरकार में मंत्री रणजीत सिंह चौटाला का टिकट कटा तो उन्होंने मंत्री पद से त्यागपत्र देते हुए रानियां से निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर दिया।

    डबवाली से टिकट मांग रहे ताऊ देवीलाल के पोते आदित्य देवीलाल चौटाला ने भी हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन पद से त्यागपत्र दे दिया। रेवाड़ी से काबिज सुनील राव ने भी त्यागपत्र दिया। वह बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव के जीजा हैं।

    कांग्रेस कब करेगी उम्मीदवारों की घोषणा

    भाजपा में भागमभाग को देखते हुए कांग्रेस सचेत हो गई है। फिलहाल पार्टी ने उम्मीदवारों की लिस्ट टाल दी है। कांग्रेस भाजपा के असंतुष्ट और बागी नेताओं को साधने की तैयारी कर रही है। इस मौके का पार्टी भरपूर लाभ उठाना चाहती है। यही कारण है कि आज दीपेंद्र हुड्डा व कुमारी सैलजा सहित अन्य नेताओं ने भाजपा पर उम्मीदवारों की सूची को लेकर जमकर निशाना साधा। फिलहाल कांग्रेस 66 सीटों पर नाम फाइनल कर चुकी है।

    यह भी पढ़ें- Haryana Elections: बीजेपी ने जारी की 67 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट, सीएम नायब सैनी लाडवा से लड़ेंगे चुनाव