विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा डाक विभाग में बड़ा खेल, PPF खातों से कहां गए करोड़ों रुपये? गुरुग्राम से अंबाला पहुंची शिकायत

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:05 PM (IST)

डाक विभाग में पीपीएफ खातों से करोड़ों रुपये का बड़ा खेल हुआ है। गुरुग्राम प्रधान डाकघर में उपभोक्ताओं के खातों से रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर की बात सामने आई है। इसकी शिकायत अंबाला छावनी स्थित सीपीएमजी कार्यालय तक पहुंच चुकी है।

पीपीएफ खातों को मैनुअल तरीके से बंद कर जमा रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर किए जाने की शिकायत। (एआई जनरेटेड फोटो)

पीपीएफ खातों को मैनुअल तरीके से बंद कर जमा रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर किए जाने की शिकायत। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. गुरुग्राम डाकघर में गड़बड़झाला।

  2. 41 खातों से 4.62 करोड़ गायब।

  3. मामले की गहन जांच शुरू।

दीपक बहल, अंबाला। डाक विभाग में लोगों की जीवनभर की बचत पर करोड़ों रुपये की सेंधमारी हो गई। पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ) खातों में सुरक्षित रखी उपभोक्ताओं की जमा पूंजी से सुनियोजित तरीके से दूसरे खातों में करोड़ों रुपये ट्रांसफर कर दिए गए।

गुरुग्राम के प्रधान डाकघर में खातों को मैनुअल बंद कर आरटीजीएस के जरिए रकम बाहर भेजने का यह खेल लंबे समय तक खाताधारकों की नजर से छिपा रहा। उपभोक्ताओं को भनक तक नहीं लगी कि भविष्य के लिए जो पूंजी वे वर्षों से जोड़ रहे थे, वह खातों से गायब हो चुकी है।

प्रारंभिक जांच में आसपास के गांवों के 41 पीपीएफ खाते चिह्नित किए गए हैं। इन खातों को गुरुग्राम प्रधान डाकघर में मैनुअल तरीके से बंद कर उनमें जमा रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है। अब तक सामने आए आंकड़े के अनुसार, 4 करोड़ 62 लाख 84 हजार 500 रुपये खातों से गायब होने का मामला जांच के दायरे में है।

41 खातों का मामला महज शुरुआती कड़ी

हालांकि, पूरे घोटाले की रकम 20 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में 41 खातों का मामला महज शुरुआती कड़ी माना जा रहा है। इस गंभीर वित्तीय अनियमितता की शिकायत अंबाला छावनी स्थित चीफ पोस्टमास्टर जनरल (सीपीएमजी) कार्यालय तक पहुंच चुकी है।

इस मामले को गंभीरता से लेते जांच शुरू कर दी है। जिन 41 खातों का जिक्र सामने आया है, उनके लेजर अकाउंट खंगाले जा रहे हैं। जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई, उनकी जानकारी भी विभाग को मिल चुकी है। अब जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि खातों को बंद करने की प्रक्रिया किसने पूरी की, आरटीजीएस के लिए किस स्तर पर मंजूरी दी गई और इस पूरे खेल में किन-किन लोगों की भूमिका रही।

15 साल की बचत, भरोसे की व्यवस्था में सेंध

पीपीएफ खाता आम लोगों की दीर्घकालिक बचत का भरोसेमंद माध्यम माना जाता है। इसमें उपभोक्ता नियमित रूप से अपनी कमाई का हिस्सा जमा करते हैं और यह पूंजी भविष्य की जरूरतों के लिए सुरक्षित रखते हैं। खाते की अवधि 15 वर्ष होती है और निकासी पर निर्धारित नियम लागू होते हैं।

इसी लंबी अवधि और खाताधारकों के भरोसे का फायदा उठाया गया। सवाल यह है कि जब खाते उपभोक्ताओं की सहमति और निर्धारित प्रक्रिया के तहत बंद होने चाहिए, तो एक साथ इतने खातों को मैनुअल बंद करने की अनुमति कैसे मिली? क्या दस्तावेजों का सत्यापन हुआ या विभागीय प्रक्रिया को दरकिनार कर रकम ट्रांसफर की गई?

यह भी पढ़ें- हरियाणा में 523 बैंक खातों से 100 करोड़ की ठगी, लुधियाना से आगरा तक ठगों का नेटवर्क; बैंक मैनेजर समेत 16 गिरफ्तार

चार करोड़ का हिसाब, 20 करोड़ से अधिक की आशंका

जांच में सामने आया 4.62 करोड़ रुपये का आंकड़ा अपने आप में बड़ा है, लेकिन घोटाले की कुल रकम 20 करोड़ रुपये से अधिक बताए जाने से मामला और गंभीर हो गया है।

यदि अन्य खातों में भी इसी तरह की गड़बड़ी हुई है तो प्रभावित उपभोक्ताओं की संख्या और नुकसान का दायरा बढ़ सकता है। अब जांच में यह भी देखना होगा कि किन तारीखों पर खाते बंद किए गए, रकम किस-किस बैंक खाते में पहुंची और बाद में उसका इस्तेमाल कैसे हुआ।

यह भी पढ़ें- मंत्री अनिल विज बनकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, तिहाड़ से अंबाला लाई पुलिस; दर्ज हैं 28 केस

अधिकारी मौन, खाताधारकों को जवाब का इंतजार

मामले की गंभीरता के बावजूद डाक विभाग के अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं। इस संबंध में सीपीएमजी मनीषा बंसल से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। गुरुग्राम डाकघर में सामने आए घोटाले को लेकर व्हाट्सएप पर भी संदेश भेजकर प्रतिक्रिया मांगी गई, मगर कोई जवाब नहीं मिला।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।