विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में 523 बैंक खातों से 100 करोड़ की ठगी, लुधियाना से आगरा तक ठगों का नेटवर्क; बैंक मैनेजर समेत 16 गिरफ्तार

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:17 AM (IST)

हरियाणा की पंचायती राज संस्थाओं के 523 सरकारी बैंक खातों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में लुधियाना से आगरा तक फैले नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक बैंक मैनेजर सहित 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

साइबर ठगी के आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर जाती पुलिस।

साइबर ठगी के आरोपितों को कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर जाती पुलिस।

HighLights

  1. पूछताछ में सामने आई फर्जी बैंक खातों की कड़ियां।

  2. आठ आरोपित अब और आठ की पहले हुई गिरफ्तारी।

  3. रकम को कई स्तरों पर किया जाता था ट्रांसफर।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा की पंचायती राज संस्थाओं के 523 सरकारी बैंक खातों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है। विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने लुधियाना से आगरा तक फैले ठगों के नेटवर्क का खुलासा करते हुए आठ और आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में एक बैंक मैनेजर भी है, जिस पर कमीशन लेकर फर्जी खाते खुलवाने में मदद करने का आरोप है। अब तक गिरफ्तार आरोपितों की संख्या 16 हो गई है। नए गिरफ्तार आरोपितों में लुधियाना निवासी अजय और आगरा निवासी मोबीन, शशांक शर्मा, विशाल, आकाश, रजत वर्मा, उत्पल यादव और ललित शामिल है।

बिहार और राजस्थान में भी नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि नेटवर्क अलग-अलग राज्यों में फैला था। इसमें बैंक खाते उपलब्ध कराने, उन्हें संचालित करने और ठगी की रकम को एक खाते से दूसरे में भेजने के लिए अलग-अलग लोग शामिल थे। मामले में शुरुआती जांच के दौरान बिहार, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक फैले बैंक खातों का नेटवर्क सामने आया था।

पहले गिरफ्तार आरोपितों में बिहार निवासी मुकेश कुमार और उत्पल कांत के नाम सामने आए थे। इनसे जुड़ी कंपनी द सॉफ्ट सफारी टॉयज प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते में ठगी की रकम पहुंचने की बात जांच में सामने आई थी।

इसके अलावा यमुनानगर निवासी संजय कुमार और अभिषेक के नाम पर संचालित नीलकंठ ट्रेडर्स के आरबीएल बैंक खाते में करीब 1.98 करोड़ रुपये जमा होने का पता चला था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था।

पानीपत निवासी तरुण कुमार और करनाल निवासी गुरजिंदर सिंह भी जांच के घेरे में आए। गुरजिंदर सिंह बैंक में मैनेजर स्तर का अधिकारी बताया गया है। आरोप है कि उसने कमीशन लेकर खाते खुलवाने में मदद की।

लखनऊ निवासी गगनदीप अरोड़ा का नाम भी शुरुआती जांच में सामने आया था। वहीं, राजस्थान के श्रीगंगानगर से मेघा सिंह उर्फ मंगा सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस इन सभी की भूमिका और बैंक खातों के माध्यम से हुए लेनदेन की जांच कर रही है।

खुलवाए जाते थे फर्जी खाते

जांच के अनुसार, रकम को एक खाते में रखने के बजाय कई खातों के जरिए आगे भेजा जाता था। आरोप है कि कुछ लोगों को कमीशन देकर उनके नाम पर खाते खुलवाए गए और बाद में उनका नियंत्रण साइबर ठगों के पास चला गया।

इनका इस्तेमाल सरकारी खातों से निकली रकम ट्रांसफर करने और उसकी पहचान छिपाने में किया जाता था। बैंक मैनेजर की भूमिका भी इसी कड़ी में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एसआइटी पता लगा रही है कि उसने कितने खाते खुलवाए और इनके जरिये कितनी रकम का लेनदेन हुआ।

1,827 संदिग्ध ट्रांजेक्शन

विभाग की ओर से पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, पंचायती राज संस्थाओं के खातों से करीब 100.86 करोड़ रुपये की रकम अवैध रूप से निकाली गई। इस पूरी रकम के लेनदेन में 523 बैंक खाते और 1,827 संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। वहीं, पुलिस की जांच में छह दिनों के दौरान 1,897 संदिग्ध लेनदेन का भी उल्लेख किया गया है।

खंगाली जा रही मनी ट्रेल

एसआईटी का मुख्य फोकस अब ठगी की रकम की पूरी मनी ट्रेल तैयार करने पर है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि किन खातों में कितनी रकम पहुंची और वहां से उसे आगे कहां भेजा गया। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि रकम को नकदी, दूसरे बैंक खातों या अन्य माध्यमों से ठिकाने लगाने में कौन-कौन शामिल रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।