विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंत्री अनिल विज बनकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, तिहाड़ से अंबाला लाई पुलिस; दर्ज हैं 28 केस

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:44 PM (IST)

आरोपी भलिंदर पाल सिंह को तिहाड़ जेल से अंबाला लाया गया है, जिसने सांसद, मंत्री और पीए बनकर ठगी की वारदातें कीं।

मंत्री विज बनकर ठगी करने वाला भलिंदर पाल सिंह गिरफ्तार। अनिल विज की फाइल फोटो

मंत्री विज बनकर ठगी करने वाला भलिंदर पाल सिंह गिरफ्तार। अनिल विज की फाइल फोटो

HighLights

  1. भलिंदर पाल सिंह तिहाड़ जेल से अंबाला लाया गया

  2. सांसद, मंत्री और पीए बनकर करता था ठगी

  3. हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों में 28 मामले दर्ज

दीपक बहल, अंबाला। कभी सांसद बनकर तो कभी किसी जनप्रतिनिधि का निजी सहायक (पीए) और कभी मंत्री बता ठगी करने के आरोपति को पुलिस तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई। वह लोगों पर रौब जमाता था। दिल्ली में एक महिला सांसद का पति बनकर भी ठगी कर चुका है।

प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल विज बनकर लोगों को फोन किया और हवाई जहाज के टिकट बुक कराने से लेकर अज्ञात कालेज के खाते में रुपये ट्रांसफर कराने का प्रयास किया। आरोपित की पहचान देहरादून के भलिंदर पाल सिंह के रूप में हुई है।

उसके खिलाफ हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में 28 केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें अधिकतर धोखाधड़ी के मामले हैं। वह कई बार जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर आते ही नई ठगी को अंजाम दे देता था। वह अलग-अलग आवाज निकालने में माहिर है।

मंत्री विज के निजी सहायक अभिकांत वत्स की शिकायत पर गत एक नवंबर को एफआईआर दर्ज हुई थी। आरोपित ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर मंत्री विज के नाम का दुरुपयोग किया।

पुलिस ने मोबाइल नंबरों की पड़ताल शुरू की तो आरोपित की लोकेशन और गतिविधियों की कड़ियां दिल्ली की तिहाड़ जेल तक पहुंच गईं। पुलिस उसे तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर अंबाला लेकर आई और पूछताछ की। उससे मोबाइल सिम कार्ड भी बरामद किया गया।

हर वारदात में नया नंबर

आरोपित का ठगी करने का तरीका सामने आया। वह हर वारदात के लिए नया मोबाइल और नई सिम खरीदता था। ठगी का प्रयास करने या वारदात के बाद सिम को निष्क्रिय करवा देता था, ताकि पुलिस उस तक न पहुंच सके। इसके बाद नए नंबर से किसी दूसरे व्यक्ति को निशाना बनाता था। वह अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार मोबाइल नंबर बदलता रहता था।

बोलने का अंदाज जनप्रतिनिधियों जैसा

आरोपित काफी पढ़ा-लिखा है। बातचीत के दौरान उसका आत्मविश्वास और बोलने का अंदाज ऐसा होता था कि सामने वाला आसानी से उसकी बातों में आ जाता था। वह स्वयं को जनप्रतिनिधि बताकर प्रभावशाली तरीके से बात करता था।

जेल से छूटते ही फिर शुरू कर देता था ठगी

आरोपित 27 जनवरी से 19 जून 2026 तक पंजाब की बठिंडा जेल में बंद रहा। जमानत पर आने के बाद फिर ठगी की वारदातों में सक्रिय हो गया। 14 सितंबर से वह तिहाड़ जेल में बंद था। अब उसे अंबाला जेल भेज दिया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।