Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जन शिकायतों पर CM नायब सैनी की सीधी नजर, अब खुद करेंगे निगरानी; विभागीय सचिवों की भी लगाई ड्यूटी

    Updated: Sat, 20 Sep 2025 10:35 PM (IST)

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जन संवाद कार्यक्रमों में मिली शिकायतों की स्वयं निगरानी करेंगे। विभागीय सचिव शिकायतों के निपटान की समीक्षा करेंगे ताकि जनता को त्वरित समाधान मिले। शिक्षा और ग्रामीण विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है और मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करना है।

    Hero Image
    जन शिकायतों पर CM नायब सैनी की सीधी नजर। फोटो जागरण

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। जन संवाद कार्यक्रमों में मिली शिकायतों की निगरानी अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं करेंगे। साथ ही विभागीय सचिव भी शिकायतों के निपटान की नियमित समीक्षा कर सुनिश्चित करेंगे कि जनता को त्वरित व पारदर्शी समाधान मिले।  सिविल सचिवालय में शनिवार को जन संवाद कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों और समस्याओं का निवारण गंभीरता और प्राथमिकता के साथ किया जाए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खासकर जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर तत्परता से कार्य करें। समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही व कोताही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और उन्हें खुशहाल जीवन प्रदान करना है।

    स दिशा में सरकार पूरी गंभीरता और तीव्रता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय स्कूलों में शौचालय, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए राजकीय स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा और चिराग योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

    उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांवों में बने अमृत सरोवरों का सौंदर्यीकरण बरकरार रखा जाए। इसके साथ-साथ इन सरोवरों की नियमित सफाई व समय-समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और ये सरोवर स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण के लिए भी कारगर साबित हों। नायब ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य संतुलित और व्यापक विकास है।

    इसी दृष्टिकोण से सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता देना है और उनके लिए बजट आवंटन भी शीघ्र जारी किया जाए। प्रदेश में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो और हर कार्य गुणवत्तापूर्वक समय पर पूरा किया जाए। इस दौरान मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. साकेत कुमार और ओएसडी बीबी भारती ने भी अपनी बात रखी।