मुश्किल में हरियाणा के पूर्व खेलमंत्री संदीप सिंह, महिला कोच से छेड़छाड़ मामले में आरोप तय
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और हरियाणा के पूर्व खेलमंत्री संदीप सिंह (Sandeep Singh Hockey Player) पर दो साल पहले एक महिला कोच ने छेड़छाड़ और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया था। जिसको लेकर आरोप तय हो गए हैं। इस मामले में अदालत ने पीड़िता को पेश होने के लिए समन भी जारी किया है। ऐसे में अब संदीप सिंह मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। महिला कोच से छेड़छाड़ मामले में हरियाणा के पूर्व मंत्री व भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह के खिलाफ जिला अदालत में आरोप तय कर दिए गए हैं। अदालत ने पीड़िता को पेश होने के लिए समन जारी किया है।
हालांकि अदालत की ओर से पीड़ित पक्ष की उस मांग को खारिज कर दिया गया है, जिसमें संदीप सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का केस चलाने की मांग की गई थी।
मामले में अब जिला अदालत में 17 अगस्त से ट्रायल चलेगा। दो साल पहले महिला कोच ने संदीप सिंह पर यह आरोप लगाए थे। इस मामले में सेक्टर-26 थाना पुलिस ने संदीप सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद संदीप सिंह ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
महिला कोच के साथ छेड़छाड़ और कपड़े फाड़ने लगे थे आरोप
दो साल पहले हरियाणा खेल विभाग की एथलेटिक्स कोच ने पूर्व मंत्री पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। उसकी शिकायत पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने 31 दिसंबर 2022 को संदीप सिंह के खिलाफ आइपीसी की धारा 354, 354-ए, 354-बी, 342, 506 और 509 के तहत केस दर्ज किया था।
शिकायत में महिला कोच ने बताया कि एक जुलाई 2022 को संदीप सिंह ने उसे अपने सेक्टर-7 स्थित सरकारी आवास पर बुलाया। वहां उन्होंने कोच से छेड़छाड़ की और उसके कपड़े भी फाड़ दिए थे।
संदीप सिंह ने इस मामले में आरोप मुक्त किए जाने की अर्जी भी दायर की थी, जिसमें उन्होंने खुद को बेकसूर बताया था। लेकिन यह अर्जी अदालत ने रद्द कर दी।
क्या है संदीप सिंह का पक्ष?
संदीप सिंह ने अर्जी में कहा था कि शिकायतकर्ता महिला पहले भी मामूली बातों पर कई लोगों के खिलाफ शिकायतें दे चुकी है। उनके खिलाफ छह महीने की देरी से एफआईआर हुई थी।
यानी पूरी योजना बनाकर उन्हें झूठे केस में फंसाया गया था। उन्होंने कहा कि महिला कोच की पोस्टिंग और विदेश में ट्रेनिंग जैसी मांगों को उन्होंने नहीं माना, इसलिए उन पर झूठे आरोप लगाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: Haryana News: सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी के साथ 6 महीने तक किया गलत काम, गर्भवती होने के बाद हुआ खुलासा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।