Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विवाह करने वाले आधा दर्जन IAS व IPS अधिकारियों के कैडर बदले, रेणु सोगन हरियाणा कैडर में शामिल

    By Jagran NewsEdited By: Kamlesh Bhatt
    Updated: Tue, 22 Nov 2022 04:22 PM (IST)

    पिछले कुछ समय में आधा दर्जन ऐसे आइएएस व आइपीएस अधिकारियों के कैडर बदले गए हैं जिनके आपस में विवाह हुए हैं। हरियाणा कैडर में 2019 बैच की महिला आइएएस अधिकारी रेणु सोगन शामिल हुई हैं। उनका विवाह आइएएस हितेश मीणा से हुआ है।

    Hero Image
    रेणु सोगन की फाइल फोटो। स्रोत- रेणु सोगन के ट्विटर अकाउंट से

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के आइएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) कैडर में एक और महिला अधिकारी शामिल हो गई हैं। रेणु सोगन नाम की इस अधिकारी का न तो हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) से और न ही गैर राज्य सिविल सेवा (नान-एचसीएस) कोटे से आइएएस में प्रमोशन या चयन हुआ है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    2019 बैच की इस महिला आइएएस अधिकारी का हरियाणा कैडर के 2019 बैच के ही एक आइएएस हितेश कुमार मीणा से विवाह हुआ है, जिस कारण उन्हें पश्चिम बंगाल कैडर से हरियाणा कैडर में इंटर-कैडर (एक प्रदेश कैडर से दूसरे प्रदेश कैडर में) स्थानांतरित किया गया है। पिछले कुछ समय में आधा दर्जन ऐसे अधिकारियों के कैडर बदले गए हैं, जिनके आपस में विवाह हुए हैं।

    केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। कैडर बदलाव का आदेश 27 अक्टूबर 2022 से प्रभावी होगा। रेणु सोगन के कैडर बदलने के संबंध में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) द्वारा 31 अगस्त 2022 को पारित आदेश का भी हवाला दिया गया है। हितेश और रेणु दोनों मूल रूप से राजस्थान के निवासी हैं। हितेश वर्तमान में पलवल जिले में बतौर एडीसी (अतिरिक्त उपायुक्त) के पद पर तैनात हैं, जबकि रेणु को अभी नियुक्ति मिलनी बाकी है।

    पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता हेमंत कुमार के अनुसार, इसी वर्ष फरवरी 2022 में 2019 बैच के एक अन्य आइएएस अधिकारी डा. बलप्रीत सिंह का हरियाणा कैडर की 2017 बैच की महिला आइपीएस उपासना से विवाह हुआ है, जिस कारण उनका केरल कैडर से हरियाणा कैडर में इंटर-कैडर ट्रांसफर किया गया है। बलप्रीत का गृह राज्य पंजाब है। नौ महीने से बलप्रीत अंबाला कैंट उपमंडल में बतौर एसडीएम कार्यरत हैं।

    इससे पूर्व अक्टूबर 2021 में 2015 बैच के असम-मेघालय कैडर के आइएएस शांतनु शर्मा का हरियाणा कैडर की 2020 बैच की महिला आइएएस सी जयशरधा से विवाह हुआ। इस कारण असम-मेघालय कैडर से हरियाणा कैडर में उनका ट्रांसफर किया गया था।

    शांतनु मूल रूप से झारखंड के निवासी हैं, जबकि जयशरधा तमिलनाडु से हैं। जयशरधा वर्तमान में नारायणगढ़ उपमंडल की एसडीएम और शांतनु कुरुक्षेत्र जिले के डीसी तैनात हैं। 2021 में ही 2015 बैच की एक महिला आइएएस अधिकारी नेहा सिंह भी हरियाणा आइएएस कैडर में शामिल हुई थी। उनका हरियाणा कैडर के 2015 बैच के आइएएस राहुल हुड्डा से विवाह हुआ, जिस कारण उनका गुजरात से हरियाणा कैडर में ट्रांसफर किया गया।

    नेहा मूल रूप से बिहार की निवासी हैं और अंबाला नगर निगम की कमिश्नर और जिला नगर आयुक्त अंबाला के रूप में कार्यरत हैं। राहुल यमुनानगर में डीसी के पद पर तैनात हैं। गत वर्ष मार्च 2021 में सिक्किम कैडर के 2019 बैच के आइएएस आनंद कुमार शर्मा द्वारा हरियाणा कैडर की 2018 बैच की आइपीएस पूजा वशिष्ठ से विवाह के फलस्वरूप आनंद का कैडर सिक्किम से बदलकर हरियाणा कैडर कर दिया गया। आनंद का गृह राज्य दिल्ली है। वर्तमान में आनंद नूंह जिले में बतौर एडीसी तैनात हैं।