Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Haryana News: राजस्थान के बाद अब हरियाणा में जन आक्रोश रैली करेंगे बाप-बेटा , BJP-JJP गठबंधन की बताएंगे खामियां

    By Anurag AggarwaEdited By: Deepak Saxena
    Updated: Sun, 26 Nov 2023 07:26 PM (IST)

    हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा अगले साल सात तक प्रदेश में ताबड़तोड़ रैलियां करेंगे। राजस्थान में चुनाव होने के बाद दोनों नेता अब हरियाणा लौट आए हैं। इसके साथ ही दोनों ने जन आक्रोश रैलियों का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। अब सिरसा की किसान-मजदूर जन आक्रोश रैली की बागडोर स्वयं दीपेंद्र हुड्डा संभालेंगे।

    Hero Image
    राजस्थान के बाद अब हरियाणा में जन आक्रोश रैली करेंगे बाप-बेटा (फाइल फोटो)।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा अब प्रदेश में ताबड़तोड़ जन आक्रोश रैलियां करेंगे। हरियाणा कांग्रेस कमेटी ने पूरे राज्य में विधानसभा स्तर पर जन आक्रोश रैलियां करने का निर्णय लिया है। हुड्डा और दीपेंद्र के राजस्थान चुनाव में व्यस्त होने की वजह से इन रैलियों का सिलसिला रुक गया था। अब दोनों नेता राजस्थान से फ्री होकर हरियाणा वापस लौट आए हैं, ऐसे में हुड्डा और दीपेंद्र की जन आक्रोश रैलियों का नया शेड्यूल घोषित कर दिया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इन रैलियों में हुड्डा न केवल साल 2024 में होने वाले चुनाव के मद्देनजर लोगों से तरह-तरह के वादे कर रहे हैं, बल्कि उन्होंने भाजपा व जजपा गठबंधन की सरकार की कमियों को उजागर करने का अभियान छेड़ा हुआ है।

    भाजपा ने भी जिला और विधानसभा स्तर पर कांग्रेस का जवाब देने के लिए जनसंवाद कार्यक्रम आरंभ कर रखे हैं, जिनका सिलसिला अब तेज किया जाएगा। पंचकूला में हुई भाजपा की राज्य स्तरीय बैठक में इसकी कार्य योजना तैयार की जा चुकी है। कांग्रेस को दिसंबर माह में संगठन का गठन होने की भी उम्मीद है। कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया अपनी तरफ से जिलाध्यक्षों की सूची पार्टी हाई कमान को सौंप चुके हैं और ब्लॉक अध्यक्षों की सूची तैयार करने के लिए धरातल पर काम कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने ब्लॉक स्तर पर पर्यवेक्षक भेजे हुए हैं।

    हालांकि, पार्टी के कुछ नेताओं को उम्मीद नहीं है कि दिसंबर माह में भी हरियाणा कांग्रेस का संगठन तैयार हो पाएगा, लेकिन पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया की पूरी कोशिश है कि जिलाध्यक्षों की सूची घोषित करा दी जाए। इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समर्थक जिलाध्यक्षों की संख्या अधिक है, जिन पर कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा और किरण चौधरी की तिकड़ी की कड़ी आपत्ति है।

    ये भी पढ़ें: Bhiwani News: वातावरण में हवा का स्तर हुआ खराब, एक्यूआई 400 के पार; आंखों में जलन और सांस संबंधी दिक्कतों का लोग कर रहे सामना

    जन आक्रोश रैलियों का शेड्यूल हुआ तैयार

    दिसंबर माह में होने वाली विधानसभा स्तरीय रैलियों में सिरसा की किसान-मजदूर जन आक्रोश रैली सबसे महत्वपूर्ण है। दो साल पहले राज्य में चले किसान संगठनों के आंदोलन में मारे गए करीब 700 लोगों को श्रद्धांजलि देने तथा एमएसपी की गारंटी का कानून बनाने के लिए दीपेंद्र हुड्डा ने स्वयं इस रैली की बागडोर अपने हाथों में ली हुई है। कांग्रेस की इस रैलियों में हुड्डा व दीपेंद्र के साथ प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान भी शामिल होंगे। पूर्व विधानसभा स्पीकर अशोक अरोड़ा की अध्यक्षता में हुई कार्यक्रम क्रियान्वयन कमेटी की राज्य स्तरीय बैठकों में विधानसभा स्तरीय जन आक्रोश रैलियों का शेड्यूल तैयार हो चुका है।

    हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान जितेंद्र भारद्वाज के अनुसार पहले से जारी कुछ कार्यक्रमों की तारीख में फेरबदल किया गया है तो कुछ नए कार्यक्रम शेड्यूल किए गए हैं। तीन दिसंबर को पानीपत के इसराना में अगली जन आक्रोश रैली होगी। इसके बाद 17 दिसंबर को झज्जर में तथा 24 दिसंबर को सिरसा में किसान मजदूर जन आक्रोश रैली रखी गई है।

    नए साल में सात जनवरी को लाडवा में होगी पहली जनाक्रोश रैली

    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मीडिया सलाहकार सुनील परती ने बताया कि 25 दिसंबर को जींद के सफीदो में तथा 31 दिसंबर को होडल में जन आक्रोश रैलियां रखी गई हैं। हरियाणा कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी चांदवीर हुड्डा के अनुसार अगले साल जनवरी माह की रैलियों का कार्यक्रम भी घोषित किया जा चुका है। नए साल में सात जनवरी को पहली जन आक्रोश रैली लाडवा में होगी। इसके बाद का कार्यक्रम पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में तैयार किया जाएगा।

    अशोक अरोड़ा ने बताया कि कांग्रेस अब तक नौ लोकसभा क्षेत्रों में 'विपक्ष आपके समक्ष' कार्यक्रम कर चुकी है। पांच जिलों में पार्टी के 'जन मिलन समारोह' आयोजित हो चुके। 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान के माध्यम से कांग्रेस गांव, मोहल्ले व बूथ स्तर तक पहुंच चुकी है। इसी तरह अब पार्टी सभी 90 विधानसभा हलकों में जन आक्रोश रैलियां कर रही है।

    ये भी पढ़ें: Cyber Fraud: कहीं आप भी न हो जाएं साइबर क्राइम के शिकार, कैसे और किन तरीकों से कर सकते हैं अपना बचाव