हरियाणा की दंगल गर्ल बबीता फोगाट की होगी राष्ट्रीय राजनीति में एंट्री, बिहार के चुनावी अखाड़े में दिखेगा जलवा
मशहूर अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता फोगाट ने आने वाले समय में बड़ी भूमिका निभाने के लिए हरियाणा सरकार की नौकरी छोड़ी है। बताया जाता है कि बबीता को भाजपा राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय करेगी। वह बिहार विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक हो सकती हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान और भाजपा नेत्री बबीता फोगाट ने एक बार फिर से सरकारी नौकरी छोड़ दी है। बबीता ने पहले भी सियासी कारणों से नौकरी छोड़ी थी और इस बार भी यही वजह है। बबीता ने इस बार हरियाणा सरकार के खेल उपनिदेशक की नौकरी बड़ी भूमिका के लिए छोड़ी है। बताया जाता है कि भाजपा बबीता को राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय करेगी। वह बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की स्टार प्रचारक बन सकती हैं।
पिछले साल अगस्त में भाजपा में शामिल होते ही हरियाणा पुलिस से इस्तीफा देने वाली दंगल गर्ल ने बुधवार को खेल विभाग की उपनिदेशक पद से त्यागपत्र दे दिया। विभाग के प्रधान सचिव को भेजे इस्तीफे में हालांकि उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया है, लेकिन बताया जाता है कि अब वह राष्ट्रीय स्तर पर राजनीति करेंगी।
दोपहर बाद बबीता ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात भी की। राजनीति जानकारों का कहना है कि बबीता फोगाट में भाजपा अपनी तेजतर्रार नेत्रियों उमा भारती और साध्वी ऋतंभरा की छवि देख रही है। पार्टी की रणनीति बिहार विधानसभा चुनाव और हरियाणा की बरोदा सीट के उपचुनाव में बबीता को स्टार प्रचारक के रूप में इस्तेमाल करने की है। बबीता फोगाट ने कंगना रनौत से लेकर दूसरे कई मसलों पर बेबाकी से अपनी बात रखते हुए विवादास्पद ट्वीट किए हैं। बताया जाता है कि भाजपा को बबीता का आक्रामक तेवर रास आते हैं। राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय होने की इच्छुक बबीता फोगाट के फैन और फालोअर भी खूब हैं।
बबीता में भविष्य की उमा भारती व साध्वी ऋतंभरा की तरह देख रही भाजपा, बेबाक बयान व ट्वीट से मशहूर
बबीता को प्रदेश सरकार ने खेल नीति के तहत 30 जुलाई को खेल विभाग में उपनिदेशक बनाया गया था। अपने इस्तीफे में सरकारी नौकरी करने में असमर्थ होने का हवाला देते हुए उन्होंने लिखा है कि एक महीने का नोटिस मानते हुए मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। बबीता का कहना है कि उनके सामने कुछ ऐसी परिस्थितियां हैं, जिन्हें टाला नहीं जा सकता था और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया।
मां और बड़ी बहन के साथ बबीता फोगाट।
भाजपा के टिकट पर लड़ चुकी हैं विधानसभा चुनाव
हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले पिछले साल अगस्त में बबीता फोगाट अपने पिता महावीर फोगाट के साथ भाजपा में शामिल हुई थीं। उस समय दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। इसके बाद भाजपा ने उन्हें चरखी दादरी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ाया, लेकिन हार गई। गीता और बबीता फोगाट पर बाॅलीवुड के मिस्टर परफेक्ट आमिर खान 'दंगल' फिल्म भी बना चुके हैं जो सुपर-डुपर हिट रही।
राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण सहित तीन पदक जीत चुकीं बबीता
अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता फोगाट राष्ट्रमंडल खेलों में एक स्वर्ण सहित तीन पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में गोल्ड कोस्ट में खेले गए 53 किलो महिला कुश्ती स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इससे पहले वर्ष 2014 में ग्लास्गो में आयोजित खेलों में उन्होंने स्वर्ण जीता था, जबकि 2010 में दिल्ली में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक। बबीता के पिता और कोच महावीर फोगाट को द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान 'दंगल गर्ल' बबीता फोगाट का हरियाणा के खेल उपनिदेशक पद से इस्तीफा
यह भी पढ़ें: 'गुरु' सिद्धू ने मोगा में लगाए छक्के, लुधियाना में आउट, Punjab Congress के लिए हुए 'पराये'
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें