हरियाणा में आंगनवाड़ी के खाली पदों को भरने की तैयारी में सरकार, आपके जिले से कितने पदों पर होगी भर्ती; देखें लिस्ट
हरियाणा सरकार आंगनवाड़ी (Haryana Anganwadi Bharti 2025) केंद्रों में कर्मचारियों के सैकड़ों रिक्त पदों को भरने की तैयारी कर रही है। प्रदेश के जिले में कितने पदों पर भर्ती होगी और सरकार नए क्या नियम बनाएगी सिलसिलेवार ढंग से जानते हैं। वहीं हरियाणा में आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर और सुपरवाइजर के पद हर जिले से खाली है जिन्हें भर्ती प्रक्रिया के दौरान भरा जाना है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में चल रहे आंगनवाड़ी केंद्राें में इस समय कर्मचारियों के सैकड़ों पद रिक्त पड़े हैं। राज्य सरकार केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार इन पदों को भरने के लिए नियमावली तैयार कर रही है।
मंगलवार को विधानसभा में मुलाना की कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने यह मुद्दा उठाते हुए सरकार से आंगनवाड़ी केंद्रों में हेल्पर, वर्करों तथा सुपरवाइजरों के रिक्त पदों को भरने की मांग एक सवाल के माध्यम से की।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने सदन में कहा कि प्रदेश में इस समय आंगनवाड़ी वर्कर के 25 हजार 962 स्वीकृत पद हैं। इनमें से 23 हजार 413 पद भरे हुए तथा 2549 पद रिक्त हैं। आंगनवाड़ी हेल्पर के 25 हजार 450 पद स्वीकृत हैं, जबकि 21 हजार 11 पद भरे हुए हैं तथा 4439 पद रिक्त हैं। सुपरवाइजर के लिए 1016 पद स्वीकृत हैं। इनमें 898 भरे हुए तथा 118 पद रिक्त हैं।
हरियाणा सरकार ने सदन में बताया कि इन पदों को भरने के लिए केंद्र के निर्देशानुसार नियम तय किए जा रहे हैं। यह नियम बहुत जल्दी फ्रेम हो जाएंगे। इसी वर्ष के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में रिक्त पदों को भर लिया जाएगा।
सुपरवाइजरों के रिक्त पदों को भरने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को मांग भेजी जा चुकी है। राज्य के सोनीपत जिले में सबसे अधिक आंगनवाड़ी वर्करों के 225 पद तथा आंगनवाड़ी हेल्परों के 360 पद रिक्त हैं।
राज्य में आंगनवाड़ी केंद्रों में वर्करों व हेल्परों के रिक्त पदों का ब्योरा
| जिले का नाम | रिक्त वर्करों के पद | रिक्त हेल्परों के पद | 
| अंबाला | 129 | 225 | 
| भिवानी | 119 | 195 | 
| दादरी | 058 | 105 | 
| फरीदाबाद | 083 | 183 | 
| फतेहाबाद | 106 | 169 | 
| गुड़गांव | 090 | 136 | 
| हिसार | 127 | 248 | 
| कुरुक्षेत्र | 067 | 160 | 
| जींद | 130 | 265 | 
| झज्जर | 157 | 213 | 
| कैथल | 071 | 255 | 
| करनाल | 124 | 235 | 
| मेवात | 150 | 170 | 
| नारनौल | 124 | 217 | 
| पानीपत | 052 | 128 | 
| पंचकूला | 056 | 106 | 
| पलवल | 129 | 205 | 
| रोहतक | 151 | 189 | 
| रेवाड़ी | 123 | 256 | 
| सिरसा | 175 | 255 | 
| सोनीपत | 225 | 360 | 
| यमुनानगर | 103 | 164 | 
यह भी पढ़ें- Haryana News: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए खुशखबरी! सरकार ने बढ़ाई सैलरी; जानिए अब कितने रुपये मिलेंगे?

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।