अमित शाह की हरियाणा की सभी 10 लोस सीटों पर निगाह, प्रदेश के नेताओं संग की चर्चा
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह 2019 के लोकसभा चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटों पर जीत चाहते हैं। इसके लिए वह राज्य के भाजपा नेताआें के साथ रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
नई दिल्ली, [बिजेंद्र बंसल]। सूरजकुंड में प्रदेश संगठन मंत्रियों के साथ तीन दिन के मंथन के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मिशन 2019 की तैयारियों में जुट गए हैं। इसके तहत शाह खुद अलग-अलग राज्यों की लोकसभा सीटों पर मौजूदा सांसदों के रिपोर्ट कार्ड के साथ संगठन व सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे हैं। शाह ने बृहस्पतिवार सायं दिल्ली में प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। अब वह आज सायं यहां हरियाणा भवन में राज्य की 10 सीटों पर जीत के लिए राज्य की संसदीय समिति के सदस्यों के साथ रणनीत पर चर्चा करेंगे। इससे हरियाणा में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
मिशन 2019 के तहत हरियाणा फतह करने की तैयारी में भाजपा, पार्टी पदाधिकारियों संग की चर्चा
हरियाणा से अभी भाजपा का सात सीटों पर कब्जा है। भाजपा के सातों सांसदों ने अपने संसदीय क्षेत्र के रिपोर्ट कार्ड को दुरुस्त कर प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट को सौंप दिया है। अमित शाह की बैठक में हरियाणा से तीनों केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, राव इंद्रजीत सिंह व कृष्णपाल गुर्जर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा के हरियाणा प्रभारी डाॅ. अनिल जैन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला समेत राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री शामिल होंगे।
कल दिल्ली के हरियाणा भवन में राज्य की संसदीय समिति के साथ करेंगे विस्तृत चर्चा
हरियाणा में 10 में से सात सीटों पर भाजपा के सांसद हैं और तीन सीटों में से दो पर इनेलो गठबंधन और एक पर कांग्रेस का कब्जा है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी डॉ.अनिल जैन ने प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट के माध्यम से सांसदों द्वारा तैयार और संगठन के स्तर पर बनाए गए रिपोर्ट कार्ड एकत्र कर लिए हैं।
सांसदों के रिपोर्ट कार्ड कराए गए तैयार,सांसदों ने भी अपनी रिपोर्ट सौंपी
माना जा रहा है कि इन रिपोर्ट कार्ड के आधार पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह नए सिरे से रूपरेखा तैयार करेंगे। सिरसा, हिसार और रोहतक सीट से कौन नेता नया उम्मीदवार होगा, इसके लिए भी तीन-तीन नामों का पैनल इसी बैठक में तैयार किया जा सकता है। इन तीन सीटों के अलावा फिलहाल संसदीय समिति करनाल, कुरुक्षेत्र, भिवानी-महेंद्रगढ़ सीटों के लिए भी नए नामों के पैनल तैयार कराएगी।
यह भी पढ़ें: अमित शाह को पेश करने से पहले अपना रिपोर्ट कार्ड दुरुस्त करने में जुटे भाजपा सांसद
--------
मौजूदा दो भाजपा सांसद इस बार टिकट के इच्छुक नहीं
कुरुक्षेत्र से राजकुमार सैनी और भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से मौजूदा भाजपा सांसद धर्मवीर सिंह पार्टी से 2019 के लिए टिकट नहीं मांग रहे हैं। सैनी अपनी अलग पार्टी बनाकर चुनाव मैदान में कूदने की तैयारी कर चुके हैं तो भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मवीर ने स्पष्ट तौर पर अगला चुनाव लोकसभा की बजाए विधानसभा का लड़ने की तैयारी कर ली है। इन दो सीट के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अंबाला, करनाल, सोनीपत में भी नए उम्मीदवारों पर चर्चा कर सकते हैं। गुरुग्राम व फरीदाबाद लोकसभा सीट को इस चर्चा से बाहर रखे जाने की संभावना है।
---------
विशेष जनसंपर्क अभियान में संपर्क में आए नए जिताऊ उम्मीदवारों पर भी होगी चर्चा
अमित शाह चुनावी साल के दौरान सभी प्रदेशों की लोकसभा सीटों पर समय रहते विस्तृत करना चाहते हैं। इसलिए वे मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर चलाए गए भाजपा के विशेष जनसंपर्क अभियान के दौरान संपर्क में आए उन प्रबुद्ध लोगों के नामों पर भी चर्चा करेंगे जो भाजपा के लिए किसी सीट से जिताऊ उम्मीदवार हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा सरकार और भाजपा संगठन के दिग्गज दिल्ली तलब
विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत अमित शाह ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग से भी मुलाकात की थी। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि पूर्व सेना प्रमुख को भाजपा रोहतक लोकसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बना सकती है। रोहतक से फिलहाल कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा सांसद हैं। दीपेंद्र पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पुत्र हैं।