पंजाब चुनाव 2027: AAP की पहली लिस्ट में सभी कैबिनेट मंत्री गायब, सिटिंग विधायकों और जेल में बंद संजीव अरोड़ा पर फिर से दांव
आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें सभी मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया है।
-1793444392977_m.webp)
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आप की पहली लिस्ट जारी (फाइल फोटो)
HighLights
AAP ने पंजाब 2027 चुनाव के लिए 40 उम्मीदवार घोषित किए
सभी 40 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट मिला
किसी कैबिनेट मंत्री को पहली सूची में जगह नहीं
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर अपनी चुनावी रणनीति के संकेत दे दिए हैं।
पार्टी भगवंत मान के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी। सूची में शामिल सभी 40 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया है। मुख्यमंत्री मान को धूरी से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां कोटकपूरा से चुनाव लड़ेंगे। जेल में बंद संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से टिकट मिला है। सूची में किसी मौजूदा कैबिनेट मंत्री को उम्मीदवार नहीं बनाया गया है।
पार्टी ने पहली सूची में किसी मौजूदा विधायक का टिकट नहीं काटा। बताया गया है कि उम्मीदवारों के चयन में सर्वे, विधायकों का प्रदर्शन और जनता से मिला फीडबैक अहम रहा।
40 विधायकों को मिला टिकट
चुनाव से पहले बड़ी संख्या में टिकट काटने पर असंतोष और बगावत की आशंका को देखते हुए पार्टी ने पहले उन 40 विधायकों को मौका दिया, जिनके पक्ष में सर्वे और जनता की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही। बाकी सीटों पर चयन के लिए विकल्प खुले रखे गए हैं।
लगातार चुनाव जीतते आ रहे कुलतार सिंह संधवां, जय कृष्ण सिंह रौड़ी, मनजीत सिंह बिलासपुर, बलजिंदर कौर और कुलवंत सिंह पंडोरी को तीसरी बार टिकट मिला है।
ये सभी 2017 और 2022 में जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। भगवंत मान चौथी बार चुनाव लड़ेंगे। 2025 के उपचुनाव में लुधियाना पश्चिम से जीतने वाले संजीव अरोड़ा को भी दूसरी बार इसी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद वह जेल में हैं। टिकट बरकरार रखकर पार्टी ने उनके साथ खड़े होने का संदेश दिया है, हालांकि जेल में होने से उनके प्रचार के सामने चुनौती रहेगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: मोगा से अमनदीप कौर और निहाल सिंह वाला से मनजीत सिंह बिलासपुर पर 'AAP' का दांव
2022 में पहली बार विधायकों को टिकट
साल 2022 में पहली बार विधायक बने कई नेताओं को भी दोबारा मौका मिला है। इनमें अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, करतारपुर से बलकार सिंह, होशियारपुर से ब्रह्म शंकर शर्मा जिम्पा, फतेहगढ़ साहिब से लखबीर सिंह राय, लुधियाना ईस्ट से दलजीत सिंह ग्रेवाल,
आत्म नगर से कुलवंत सिंह सिद्धू, लुधियाना सेंट्रल से अशोक पराशर पप्पी, जलालाबाद से जगदीप कंबोज गोल्डी, मुक्तसर से जगदीप सिंह काका बराड़ और भदौड़ से लाभ सिंह उगोके शामिल हैं। तरनतारन से पहले भी विधानसभा चुनाव जीत चुके हरमीत सिंह को टिकट दिया गया है।
मुख्यमंत्री मान ने चयन में सर्वे और लोगों से मिले सकारात्मक फीडबैक को आधार बताया है। पार्टी ने संकेत दिया है कि टिकट का आधार केवल राजनीतिक पद या किसी नेता से नजदीकी नहीं, बल्कि संगठन के प्रति निष्ठा, नेतृत्व का भरोसा और जनता के बीच कामकाज का प्रदर्शन होगा। नए चेहरों को भी अवसर देने की बात कही गई है।
अगली लिस्ट में आएंगे 77 नाम
पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से अब तक 40 पर उम्मीदवार घोषित हुए हैं। बाकी 77 सीटों के नाम अगली सूची में आएंगे। पहली सूची में जगह न पाने वाले विधायकों के टिकट पर अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता।
पहले घोषणा से उम्मीदवारों को प्रचार और जनसंपर्क का समय मिलेगा, जबकि पार्टी को शेष सीटों पर स्थानीय समीकरण, दावेदारों और संगठन की स्थिति पर विचार करने का अवसर रहेगा।
यह भी पढ़ें- AAP की पहली लिस्ट के बाद पंजाब में सियासी हलचल तेज, कलह खत्म करने में जुटी कांग्रेस; SAD-BJP के गठबंधन पर सस्पेंस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।