करनाल व फरीदाबाद के बाद हरियाणा में पंचकूला व हिसार बनेंगे स्मार्ट सिटी, दिव्य कुरुक्षेत्र की भी योजना
Haryana Budget 2021 हरियाणा में अब हिसार और पंचकूला स्मार्ट सिटी बनेंगे। इससे पहले प्रदेश में अभी तक करनाल और फरीदाबाद ही स्मार्ट थे। गुरुग्राम को भी सुविधाएं हासिल हैं। बजट में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के लिए 3970 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। मनोहर सरकार हरियाणा को हर लिहाज से धीरे-धीरे स्मार्ट बनाने की ओर अग्रसर है। इसके चलते मुख्यमंंत्री ने शुक्रवार को पेश किए बजट में दो और शहरों को स्मार्ट एवं सहनशील शहरों के रूप में विकसित करने की घोषणा की। साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी का दर्जा प्राप्त कुरुक्षेत्र का विकास करने के लिए अलग से दिव्य कुरुक्षेत्र परियोजना बनाई गई है।
हरियाणा में अभी तक करनाल और फरीदाबाद ही स्मार्ट सिटी हैं। साइबर सिटी गुरुग्राम को भी इसी तरह की सुविधाएं प्राप्त हैं। अब प्रदेश सरकार ने योजना में पंचकूला और हिसार को भी शामिल कर लिया है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग के लिए बजट में 3970 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिसमें 1500 करोड़ रुपये राज्य वित्त आयोग के लिए हैं। इसके साथ-साथ ग्रामीण विकास और पंचायत के लिए 5980 करोड़ रुपये रखे हैं। इसमें 1755 करोड़ रुपये राज्य वित्त आयोग से और 4225 करोड़ रुपये राज्य बजट से दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Haryana Budget 2021: कोरोना में मंदे पड़े धंधे, पिछले साल के मुकाबले 8,093 रुपये कम हुई प्रतिव्यक्ति आय
कचरे से बिजली बनेगी
राज्य सरकार ठोस कचरे के प्रबंधन को लेकर चिंतित है। लिहाजा इससे बिजली बनाने की परियोजना को अंजाम दिया जा रहा है। 6.77 मेगावाट की क्षमता के कचरे से ऊर्जा बनाने वाले संयंत्र को एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सोनीपत-पानीपत क्लस्टर में निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह अगले महीने शुरू हो जाएगा।
नागरिक खुद कर सकेंगे संपत्ति का मूल्यांकन
शहरों में सरकार अब फोटो के साथ प्रत्येक संपत्ति को यूनिक आइडी और डिजिटल डोर नंबर प्रदान करेगी। इससे नागरिक अपनी संपत्तियों का स्व-मूल्यांकन कर सकेंगे। यह प्रणाली स्थानीय निकायों में राजस्व की वृद्धि को भी अंजाम देगी। प्रदेश में अभी तक 37.25 लाख संपत्तियों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है।
यह भी पढ़ें: Haryana Budget 2021-22: ग्रामीण क्षेत्र में बिजली की खपत पर पंचायत को मिलेगा दो प्रतिशत कर