लड़कों के साथ खेली अदिति, अब सबसे कम उम्र में मिला चंडीगढ़ स्टेट अवार्ड
चंडीगढ़ की युवा क्रिकेटर अदिति श्योराण को स्वतंत्रता दिवस पर स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया गया। अदिति यह पुरस्कार पाने वाली यूटीसीए की दूसरी खिलाड़ी हैं। यूटी प्रशासन ने अदिति को क्रिकेट में उनकी प्रतिभा और प्रदर्शन के लिए चुना। अदिति को पहले भी हरियाणा सरकार द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) की प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर अदिति श्योराण को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्टेट अवार्ड से सम्मनित किया गया है। सबसे कम उम्र में यह अवार्ड हासिल करने वाली वह पहली खिलाड़ी हैं। वह यह पुरस्कार पाने वाली काश्वी गौतम के बाद यूटीसीए की दूसरी खिलाड़ी हैं।
अदिति यूटीसी की तरफ से बीसीसीआई टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली चंडीगढ़ महिला टीम की खिलाड़ी हैं। अदिति ने 2024 में यूटीसीए की तरफ से बीसीसीआइ अंडर-15 टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और बेहतर प्रदर्शन किया। 2025 में भी यूटीसीए अंडर-19 टीम में बीसीसीआइ वनडे में खेल चुकी है। आलराउंडर अदिति टॉप आर्डर बल्लेबाज और स्पिन गेदबाजी करती हैं।
यूटी प्रशासन की ओर से अदिति को क्रिकेट में काफी कम उम्र में उनकी प्रतिभा और उनके प्रदर्शन को देखते हुए स्टेट अवार्ड के लिए चुना गया है। स्कूल स्तर पर पहली बार चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से किसी गर्ल क्रिकेटर को स्टेट अवार्ड के लिए चुना गया है। अदिति खेलों में अभी तक स्टेट स्तर पर क्रिकेट के साथ ही गोल्ड सहित 9 मेडल हासिल कर चुकी है।
अदिति सेक्टर-9 स्थित कार्मल कान्वेंट स्कूल में दसवीं की छात्रा हैं। यूटीसीए की ओर से 2024 में आयोजित गली क्रिकेट टूर्नामेंट में भी अदिति ने अपनी टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। गली क्रिकेट टूर्नामेंट में अदिति ने आलराउंडर प्रदर्शन करते हुए सभी मैचों में प्लेयर आफ द मैच का खिताब हासिल किया।
अदिति को 26 जनवरी 2025 को उनकी खेल उपलब्धियां के लिए हरियाणा सरकार की ओर से सोनीपत में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की ओर से सम्मानित किया गया था।
सुबह 4.30 बजे से शुरु होता है रुटीन
दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में अदिति बताती हैं कि खेल हो या पढ़ाई उसमें अनुशासित होना बहुत जरुरी है। उन्होंने कहा कि उनके दिन की शुरुआत सुबह 4.30 बजे से होती है। वह प्रतिदिन 5 से 6 घंटे क्रिकेट और फिटनेस की प्रैक्टिस करती है। उन्होंने कहा कि स्कूल से भी उन्हें खेलने के लिए काफी स्पोर्ट मिलती है।
लड़कों के साथ खेलते हुए अदिति ने शानदार प्रदर्शन किया
चंडीगढ़ की खेल सचिव प्रेरणा पुरी ने बताया कि अदिति चंडीगढ़ प्रशासन की क्रिकेट एकेडमी की होनहार ट्रेनी हैं। बीते कुछ वर्षों में लड़कों के साथ खेलते हुए अदिति ने शानदार प्रदर्शन किया है। चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से अदिति का स्टेट अवार्ड के लिए चुना जाना अन्य लड़कियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। प्रशासन क्रिकेट के लिए लड़कियों को भी बेहतर सुविधाएं देने की तैयारी कर रही है। अब सेक्टर-16 में भी लड़कियां खेल सकती हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।