Move to Jagran APP

ह‍रियाणा में जन जागरण के जरिये इनेलो की ताकत बढ़ाएंगे अभय चौटाला, तैयार की खास रणनीति

किसानों के मुद्दे पर हाल में ही विधानसभा की सदस्‍यता से इस्‍तीफा देने वाले अभय चौटाला अब इनेलो की हरियाणा में ताकत बढ़ाने में जुटेंगे। इसके लिए वह जगजागरण अभियान शुरू करेंगे। इसके साथ ही व‍ह पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ेंगे।

By Sunil kumar jhaEdited By: Published: Sun, 07 Feb 2021 08:05 AM (IST)Updated: Sun, 07 Feb 2021 08:05 AM (IST)
ह‍रियाणा में जन जागरण के जरिये इनेलो की ताकत बढ़ाएंगे अभय चौटाला, तैयार की खास रणनीति
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला की फाइल फोटो।

चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध और किसान आंदोलन के समर्थन में  विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाले इनेलो महासचिव अभय सिंह चौटाला ने नई रणनीति तैयार की है। इनेलो को हरियाणा में मजबूत करने और इसके संगठन का विस्तार करने करने के लिए वह प्रदेश भर में किसान जन जागरण अभियान चलाएंगे। वह इसके तहत पुराने कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ-साथ नए लोगाें को भी पार्टी से जोड़ने की कोशिश करेंगे।

loksabha election banner

अभय की जजपा, कांग्रेस और भाजपा के असंतुष्‍ट नेताओं पर खास नजर

इस अभियान के तहत अभय चौटाला न केवल बिखरे हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे, बल्कि समर्पित कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर उन्हें संगठन में अहम जिम्मेदारियां सौंपने का खाका तैयार करेंगे। अभय चौटाला की निगाह दूसरे खासकर जजपा, कांग्रेस और भाजपा के असंतुष्ट नेताओं पर भी है। कई नेता विधानसभा चुनाव से इनेलो छोड़कर दूसरे दलों में चले गए थे।

पुराने पार्टी नेताओं के साथ ही नए लोगों को जोड़ने पर रहेगा फोकस

पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट की चाह में करीब दो दर्जन पार्टी नेता और विधायक इनेलो का साथ छोड़ गए थे। अब इन नेताओं और प्रमुख कार्यकर्ताओं पर अभय चौटाला की निगाह है। अभय चौटाला न केवल प्रदेश बल्कि देश के ऐसे पहले विधायक हैं, जिन्होंने विधानसभा की सदस्यता के चार साल बाकी बचे होने के बावजूद विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। किसान संगठनों में उनके इस कदम की तारीफ हो रही है। अभय चौटाला के इस्तीफा देने के बाद बाकी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं पर पर भी नैतिक दबाव बना है। 

अभिनंदन समारोह से पहले प्रदेश को नापने की रणनीति पर आगे बढ़े

अभय चौटाला द्वारा किसानों के समर्थन में इस्तीफा देने के बाद अब  उनके अभिनंदन समारोह भी आयोजित किए जा रहे हैं। सिरसा जिले से इसकी शुरुआत हो चुकी है। नाथूसरी चौपटा व चौटाला में अभय के अभिनंदन हो चुके हैं, जबकि रोहतक जिले की महम विधानसभा क्षेत्र में 11 फरवरी को महम चौबीसी के चबूतरे पर अभय चौटाला का सार्वजनिक अभिनंदन होने वाला है।

इनेलो नेताओं का कहना है कि इससे पहले चौटाला राज्य के प्रमुख जिलों का नाप लेना चाह रहे हैं। इसके लिए उनके जिला स्तरीय कार्यक्रम फाइनल कर दिए गए हैं। छह फरवरी के किसानों के चक्का जाम को इनेलो खासकर अभय चौटाला का पूरा समर्थन रहा है। इसके बाद सात फरवरी से चौटाला जिलों में जन जागरण अभियान के लिए निकलेंगे।

किसान जनजागरण अभियान सात से 18 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें हलका स्तरीय कार्यक्रम रखे गए हैं। इनेलो नेता हर हलके के बड़े-बड़े गांवों में जाकर ज्यादा से ज्यादा किसानों को अपने साथ जोड़ेंगे और खुद भी उनके साथ जुड़ेंगे। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी और राष्ट्रीय कार्यालय सचिव नछत्तर सिंह के अनुसार सात फरवरी को टोहाना व उकलाना में हलका स्तरीय कार्यक्रम होंगे। आठ फरवरी को भिवानी व बाढड़ा में आयोजन रखे गए हैं, जबकि नौ फरवरी को जुलाना व कलायत हलकों में कार्यक्रम होंगे। जुलाना से पूर्व विधायक परमिंदर सिंह ढुल हाल ही में भाजपा छोड़ चुके हैं, जबकि कलायत से विधायक रहे पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा ने भी हाल ही में भाजपा छोड़ी है।

इन दोनों हलकों में अभय चौटाला के कार्यक्रम काफी अहम रहने वाले हैं। 12 फरवरी को गन्नौर व इसराना, 13 फरवरी को इंद्री व शाहबाद, 14 फरवरी को नारायणगढ़ व रादौर और 15 फरवरी को कालका में अभय चौटाला जनसभाएं करेंगे। कालका में भी उपचुनाव होना है। यहां उनकी विशेष निगाह है। 17 फरवरी को पुन्हाना व सोहना और 18 फरवरी को हलका बावल व नांगल चौधरी में अभय चौटाला की जनसभाएं होंगी। इन विधानसभा क्षेत्रों में इनेलो का कभी बहुत ज्यादा वजूद रहा है। लिहाजा अपने पुराने वर्करों को जोड़ने के लिए अभय के यह दौरे काफी अहम रहेंगे।

यह भी पढ़ें: पंजाब के कांट्रैक्‍ट खेती कानून में किसान को भी सजा का प्रविधान, भाजपा का शिअद व कांग्रेस पर सवाल

यह भी पढ़ें: Farmers Chakka Jaam in Punjab: आज सफर से बचें, किसान पंजाब में 70 से ज्यादा स्थानों पर करेंगे हाईवे जाम

यह भी पढ़ें: Contract farming: हरियाणा में कॉन्ट्रैक्‍ट खेती से किसान हो रहे मालामाल, स्‍पैक ने कराया 700 करोड़ रुपये का अनुबंध

हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.