हरियाणा: HCS से IAS बने 15 अधिकारियों को मिला काडर, एक ही परिवार से हैं तीन अधिकारी; वरिष्ठता सूची जारी
हरियाणा में हाल ही में 15 एचसीएस अधिकारियों को आईएएस में पदोन्नत किया गया है। केंद्र सरकार ने इन अधिकारियों को काडर आवंटित करते हुए वरिष्ठता सूची जारी की है जिसमें विवेक पदम सिंह सबसे ऊपर हैं। खास बात यह है कि एक ही परिवार से तीन सदस्य आईएएस बने हैं। वर्तमान में प्रदेश में आईएएस अधिकारियों की संख्या बढ़कर 184 हो गई है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हाल ही में हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) में पदोन्नत हुए 15 अधिकारियों को काडर अलाट करते हुए केंद्र सरकार ने वरिष्ठता निर्धारित कर दी है। पदोन्नत आइएएस अधिकारियों में विवेक पदम सिंह सबसे सीनियर होंगे, जिन्हें वर्ष 2014 बैच दिया गया है। डा. मुनीष नागपाल वर्ष 2016 बैच के साथ दूसरे नंबर पर होंगे।
केंद्र सरकार द्वारा जारी वरिष्ठता सूची में महेंद्रपाल, सतपाल शर्मा और सुशील कुमार-प्रथम को वर्ष 2017 बैच मिला है। वर्षा खांगवाल, वीरेंद्र सिंह सहरावत, सत्येंद्र दूहन, मनिता मलिक, सतबीर सिंह, अमृता सिंह, योगेश कुमार और वंदना दिसौदिया वर्ष 2018 बैच के आइएएस अधिकारी होंगे। जयदीप कुमार और समवर्तक सिंह खांगवाल को वर्ष 2019 बैच दिया गया है।
प्रदेश सरकार ने कुल 27 एचसीएस अधिकारियों को पदोन्नति के योग्य मानते हुए आइएएस बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। इनमें से 15 एचसीएस को आइएएस बनाया गया है। विशेष बात यह कि आइएएस बने तीन अधिकारी एक ही परिवार से संबंध रखते हैं। वर्षा खांगवाल और उनके पति योगेश कुमार को समान बैच मिला है, जबकि चचेरे भाई समवर्तक सिंह खांगवाल इनसे एक साल जूनियर होंगे।
वर्तमान में प्रदेश में आइएएस अधिकारियों की संख्या 169 से बढ़कर 184 हो गई है। हालांकि इस साल दिसंबर तक चार आइएएस अधिकारी सेवानिवृत्त भी होने वाले हैं, जिससे आइएएस अधिकारियों की संख्या घटकर 180 रह जाएगी।
2010 बैच के आइएएस अधिकारी और रजिस्ट्रार सहकारी समितियां राजेश जोगपाल अगले महीने 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। 2009 बैच के आइएएस सुजान सिंह 31 अक्टूबर और अशोक गर्ग 30 नवंबर को रिटायर होने वाले हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।