मोदी सरकार के 11 साल हरियाणा के साथ विकास की नई गाथा, विकसित भारत का अमृतकाल विजन डॉक्यूमेंट जारी करेंगे CM नायब सैनी
नौ जून को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल और केंद्र सरकार के 11 साल पूरे हो रहे हैं। इन सालों में देश के विकास में कई बदलाव आए हैं जिसमें हरियाणा सरकार का सहयोग रहा है। हरियाणा सरकार ने सुशासन के माध्यम से लोगों का जीवन सरल बनाया है। केंद्र सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।
अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। नौ जून सोमवार को मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने जा रहा है। इस तारीख के साथ एक अहम पड़ाव भी जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 11 साल भी नौ जून को ही पूरे होने जा रहे हैं। इन 11 सालों में सिर्फ सत्ता नहीं बदली, बल्कि देश के विकास की परिभाषा और दिशा दोनों बदले हैं।
इसमें भी खास बात यह है कि मोदी सरकार के नेतृत्व में जो भी क्रांतिकारी बदलाव हुए, उनमें हरियाणा की भाजपा सरकार का पूरा सहयोग है। जिस तरह से केंद्र में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है, उसी तरह से हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। ऐसा पहली बार हुआ, जब राज्य में लगातार तीसरी बार किसी दल की सरकार बन पाई है।
हरियाणा की भाजपा सरकार के साढ़े नौ साल के कार्यकाल में मनोहर लाल ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की बागडोर संभाली। उनके बाद अब नायब सिंह सैनी हरियाणा की सत्ता का संचालन कर रहे हैं।
अपने 11 साल के कार्यकाल में जिस तरह से पीएम मोदी की सरकार ने देश व समाज के हित के फैसले लिए हैं, उसी तर्ज पर हरियाणा की भाजपा सरकार ने राज्य में न केवल राजनीति के मायने बदले हैं, बल्कि प्रदेश में सुशासन के माध्यम से आम लोगों के जीवन को सरल बनाने का काम किया है।
मनोहर लाल अब पीएम मोदी की सरकार में ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री हैं। उनके नेतृत्व में देश बिजली में न केवल आत्मनिर्भर हुआ है, बल्कि अब दूसरे देशों को बिजली देने की स्थिति में पहुंच गया है। पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर अंकुश और काम करने की साफ नीयत से ही ऐसा संभव हो पाया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नौ जून को चंडीगढ़ में विकसित भारत का अमृत काल-सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल नाम के एक पुस्तिका का विमोचन करने जा रहे हैं, जो केंद्र सरकार के 11 सालों के कामों पर आधारित है।
हरियाणा की भाजपा सरकार को अक्टूबर में 11 साल पूरे होंगे। अपने इन साढ़े 10 साल के कार्यकाल में मनोहर व नायब सरकारों ने केंद्र की योजनाओं को अपने राज्य में पूरी जिम्मेदारी के साथ लागू करने का काम किया है। देश का गरीबी प्रतिशत 3.5 है, जबकि हरियाणा में यह 3.2 प्रतिशत पर आ गया है।
मनोहर लाल जब राज्य के बिजली मंत्री थे, तब उन्होंने लाइन लास घटाकर 10 प्रतिशत पर ला दिया था। अब नायब सैनी के नेतृत्व में बिजली का लाइन लास साढ़े 9 प्रतिशत रह गया है, जो कि सुशासन का बड़ा उदाहरण है।
सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता से बढ़ी केंद्र व राज्य की शान
केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल के अहम फैसलों व कार्यों की पांच लाख बुकलेट छपवाई गई हैं, जिनका वितरण पूरे राज्य में किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सैनी सोमवार को चंडीगढ़ में प्रेस कान्फ्रेंस भी करने वाले हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करनाल में संकल्प से सिद्धि तक कार्यक्रम का आयोजन कर चुके हैं।
सरकार द्वारा तैयार की गई इस पुस्तिका में 14 अध्यायों के जरिये बताया गया है कि कैसे 2014 में पीएम बनने के बाद नरेन्द्र मोदी ने शासन का एक नया माडल गढ़ा। एक ऐसा माडल जो अब दुनिया भर के लिए समावेशी विकास का उदाहरण बन गया है। केंद्र सरकार का लक्ष्य साल 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का है।
केंद्र ने जब यह संकल्प लिया था, तभी मनोहर लाल और नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में इस संकल्प को पूरा करने के लिए हरियाणा के योगदान का पूरा रोडमैप तैयार किया जा चुका है। सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता से पूरे देश में हरियाणा माडल बनकर उभरा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कई बार सराहा है।
आगे तीन गुणा, फिर नौ गुणा और फिर 12 गुणा तेजी से होगा विकास
साल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लिया है। हमारी सरकार इल लक्ष्य को हर हाल में पूरा करेगी। हरियाणा सरकार केंद्र के इस लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना पूरा योगदान दे रही है।
केंद्र की योजनाओं को बखूबी राज्य में लागू किया गया है। बिजली, पानी, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अब सिर्फ आंकड़े नहीं हैं बल्कि सम्मान और आत्मविश्वास का आधार बन गई हैं।
81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देने वाली पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण, मुद्रा योजना, 112 आकांक्षी जिलों में विकास. ये सब उसी नई सोच का हिस्सा हैं जिसने सिस्टम को सेवा में बदला है।
आने वाले सालों में विकास की रफ्तार बढ़ेगी। केंद्र व राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार है। आने वाले सालों में तीन गुणा तेजी से विकास होगा।
तीन गुणा तेजी से विकास का मतलब है कि 11 साल में जितने काम हुए, वह तीन गुणा अधिक होंगे, फिर नौ गुणा तेजी से होंगे और उसके बाद 12 गुणा तेजी से होंगे। हम साल 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाकर रहेंगे।
- मनोहर लाल, केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री, भारत सरकार
विकसित राष्ट्र बनाने में हरियाणा सरकार का पूर्ण सहयोग
भारत की सबसे बड़ी ताकत यहां की युवा आबादी है। अब सिर्फ रोजगार ढूंढ़ने वाली नहीं बल्कि रोजगार देने वाली पीढ़ी बन रही है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सपना सच कर दिखाया है।
सात मई को शुरू हुआ आपरेशन सिंदूर पहलगाम हमले के जवाब में भारत का संयमित लेकिन सटीक सैन्य जवाब था। मध्यम वर्ग को टैक्स में राहत से लेकर आसान लोन, सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं, तेजी से विकसित हो रहा इन्फ्रास्ट्रक्चर और भारत की वैश्विक मंचों पर मजबूती से उपस्थिति, इन सबने एक समग्र विकास माडल को जन्म दिया है।
आज दुनिया भारत को सिर्फ एक बाजार नहीं, एक नेतृत्वकर्ता के रूप में देख रही है। देश को विकसित राष्ट्र बनाने में हमारी हरियाणा सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ सहयोग कर रही है और यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा, जब तक देश विकसित नहीं हो जाता।
- नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री, हरियाणा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।