40 लोगों के महिला से दुष्कर्म मामले में 50 रुपये का नोट बना पहेली, छह और काबू
मोरनी में 40 लोगों के महिला से दुष्कर्म के मामले में 50 रुपये का नोट पहेली बन गया है। इस पर लिखे फाेन नंबर ने पुलिस को उलझा दिया है। इस मामले में छह और लोगों को काबू किया गया है।
जेएनएन, पंचकूला। मोरनी में एक महिला से लवली गेस्ट हाउस में चार दिन में 40 लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने छह और लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों को रविवार देर रात गिरफ्तार किया गया है। इस तरह इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दूसरी ओर, इस मामले में पुलिस के लिए 50 रुपये का नोट पहेली बन गया है। पीडि़त महिला का कहना है कि गेस्ट हाउस में दुष्कर्म करने के बाद एक पुलिसकर्मी ने इस नोट पर अपना फोन नंबर लिख कर दिया था। उसने कहा था कि कोई दिक्कत हो तो इस नंबर पर बात करना।
इस सामूहिक दुष्कर्म मामले में पंचकूला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पंचकूला पुलिस ने इस मामले में छह अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में चंडीगढ़ एवं पंचकूला पुलिस अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। महिला पुलिस थाने में केस दर्ज कर इस मामले की तेजी से जांच शुरू की जा रही है। ममले की जांच एसीपी अंशु सिंगला की अगुवाई में गठित विशेष एसआइटी कर रही है।
यह भी पढें: मजबूर पिता का खुदकुशी से पहले बेटी के नाम सुसाइड नोट, पढ़कर हो जाएंगे भावुक
एसआइटी ने रविवार देर रात तक मामले में आरोपित छह लोगों को दबाेच लिया। एसअाइटी ने अंबाला जिले के थाना शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ी बस्सी निवासी सुखविंदर सिंह, अंबाला के सेक्टर नौ निवासी करण शर्मा, शहजादपुर क्षेत्र बड़ी बस्सी निवासी मनजीत सिंह, अंबाला जिले के थाना नारायणगढ़ के गांव पंजलासा निवासी विकास उर्फ विक्की, अंबाला जिले के गांव काठगढ़ निवासी शादी राम, अंबाला जिले के सढौरा निवासी अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: आप के दाे विधायकों को कनाडा में एयरपोर्ट से वापस भारत भेजा
पंचकूला के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी सुनील उर्फ सनी को पुलिस सोमवार को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी, जिसके बाद उसे अन्य आरोपों के बारे में पूछताछ की जाएगी। इससे पूर्व चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपित लवली गेस्ट हाउस के मालिक सुनील उर्फ सनी एवं अवतार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद यह मामला पंचकूला पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। पंचकूला पुलिस ने शनिवार रात को एक व्यक्ति साहब सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में अभी कुछ ओर गिरफ्तारियां हो सकती है।
50 के नोट पर लिखा नंबर पुलिस कर्मचारी का
दूसरी ओर, इस मामले में 50 रुपये का नोट पहेली बन गया है। 50 रुपये के इस नोट पर लिखे एक मोबाइल नंबर ने पंचकूला पुलिस को उलझा दिया है। पीडि़ता के पति ने 50 रुपये के नोट पर लिखा एक मोबाइल नंबर दिखाकर दावा किया है कि यह नंबर किसी पुलिस कर्मचारी का है। यह नोट नंबर लिखकर दुष्कर्म करने वाले ने उसकी पत्नी को दिया था। आरोपित सन्नी ने उसकी पत्नी को कहा था कि यह तीनों व्यक्ति डेराबस्सी पुलिस में है। इन तीनों में से दो ने दुष्कर्म किया था।
यह भी पढ़ें: युवी की ये बातें हौसला देंगी और बताएंगी जिंदगी के मायने भी, पढ़ें पूरी खबर
पीडि़ता के पति के अनुसार, यह 50 रुपये का नोट उसे उसकी पत्नी के कपड़ों में से धोते हुए मिला। रविवार को पत्नी की तबीयत खराब होने के चलते वह कपड़े धो रहा था, तो यह नोट भी धुल गया। इसके बाद बड़ी मुश्किल से उसने नोट को बचाकर गीले कपड़ों से निकाल लिया। पीडि़ता के अनुसार, दुष्कर्म करने वाले ने नंबर लिखकर देते हुए कहा था कि कभी काम हो, तो बता देना।
पीडि़ता के पति ने यह नंबर पुलिस को दे दिया है। दूसरी तरफ पंचकूला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र कुमार मीणा ने कहा है कि इस नोट पर लिखे नंबर की जांच की जा रही है। अभी तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है कि यह नंबर किसी पुलिस वाले का है।
आरोपित दो दिन के रिमांड पर
पंचकूला पुलिस द्वारा सामूहिक दुष्कर्म में रायपुररानी के साहब सिंह को गिरफ्तार करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी साहब सिंह के खिलाफ धारा 328, 342, 376डी और 506 के तहत की गई केस दर्ज किया है। पंचकूला महिला ने साहब सिंह को शनिवार देर रात पकड़ा गया था।
केस ट्रांसफर करने की मांग
पंचकूला पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पीडि़ता के पति ने केस को चंडीगढ़ पुलिस को ट्रांसफर करने की मांग की है। उनका कहना है कि पंचकूला जानबूझकर मामले को उलझा रही है।
पुलिस खंगाल रही सन्नी के मोबाइल की कॉल डिटेल
गेस्ट हाउसों में लंबे समय से चल रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर लोगों का डर आखिकार सच साबित हो ही गया और अब गैंगरेप के मामलें में नजदीकी गांवों के युवकों की संलिप्ता ज्यादा नजर आ रही है। क्योंकि सन्नी ने चार दिन में ज्यादात्तर मोबाइल कॉल नजदीकी गांवों के युवकों को किया है।
पुलिस सन्नी के मोबाइल फोन कॉल खंगाल रही है। पुलिस ने कंडाईवाला गांव से साहब सिंह को गिरफतार किया है और गणेशपुर, टपरियां, रायपुररानी, बिल्लाह इत्यादि गांवों पर पुलिस नजर बनाए हुए है। सन्नी ने फोन करके अपने गैस्ट हाउस में बुलाया था, उनकी तलाश कर रही है। रायपुररानी-बरवाला क्षेत्र में पुलिस की लगातार दबिश चल रही है।