विद्यार्थियों को रोजगारपरक बना रहा विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय : राज नेहरू
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलपति राज नेहरू ने कहा कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थी दूसरों को रोजगार देने के काबिल बन रहे हैं। कोर्स खत्म होने के बाद विद्यार्थी नौकरी कर रहे हैं।

जागरण संवाददाता, पलवल : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलपति राज नेहरू ने कहा कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थी दूसरों को रोजगार देने के काबिल बन रहे हैं। कोर्स खत्म होने के बाद विद्यार्थी नौकरी कर रहे हैं। कुछ तो खुद का व्यवसाय शुरू कर रहे हैं। विद्यार्थियों को लाखों के पैकेज मिल रहे हैं। करीब 100 कंपनियां विश्वविद्यालय से जुड़ी हुई हैं। आगे 500 कंपनियों को विश्वविद्यालय से जोड़ने की तैयारी है। इन कंपनियों की मांग के अनुसार विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जा रहा है। उक्त बातें उन्होंने शहर के विश्राम गृह में आयोजित प्रेसवार्ता में कहीं।
उन्होंने कहा कि स्किल इंडिया को लेकर जो सपना सरकार द्वारा देखा गया, वह सब यह विश्वविद्यालय पूरा कर रहा है। विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम इस प्रकार से तैयार किए हुए हैं, जिसमें विद्यार्थी तकनीकी रूप से हैंड्स आन प्रैक्टिस कर रहा है। आने वाले समय में यह विश्वविद्यालय प्रदेश के साथ साथ राष्ट्र के युवाओं को कौशल में हुनरमंद बनाएगा। विश्वविद्यालय ने नए सत्र 2022-23 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें लगभग 800 सीटों पर 35 विभिन्न कोर्स में विद्यार्थी दाखिला ले सकते हैं। प्रदेश के कई कालेज भी विश्वविद्यालय से एफिलिएटेड किए गए हैं।
इस विश्वविद्यालय से 40 प्रतिशत स्थानीय विद्यार्थी लाभ ले रहे हैं। उनके द्वारा स्कूल भी शुरू कर दिया गया है। यह विश्वविद्यालय बच्चों के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। इस विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य भी 70 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। इस वर्ष के अंत तक इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आरएस राठौड़ और डीन प्रो. निर्मल सिंह भी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।