पलवल के 99173 वोटर का नाम अटका, 22 दिसंबर को आएगी फाइनल SIR लिस्ट; नाम जुड़वाने का आखिरी मौका
पलवल जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 99,173 मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत चिह्नित किया गया है, जो कुल मतदाताओं का 14.01% है।

प्रतीकात्मक तस्वीर। जागरण
HighLights
99,173 मतदाता अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे चिह्नित।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर दिया जा रहा है।
अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी।
अंकुर अग्निहोत्री, पलवल। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत 99,173 मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, दोहरे नाम और अन्य श्रेणी में चिह्नित किया गया है। यह जिले के कुल मतदाताओं का 14.01 प्रतिशत है।
विधानसभा क्षेत्र के अनुसार, हथीन में 21,241 मतदाता इस श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। यहां इनका प्रतिशत 8.81 है। होडल विधानसभा क्षेत्र में 25,049 मतदाता चिह्नित किए गए हैं, जो कुल मतदाताओं का 12.72 प्रतिशत है। वहीं, पलवल विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 52,883 मतदाता इस श्रेणी में शामिल हैं।
मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए
यहां इनका प्रतिशत 19.62 है। 15 जून से 24 जुलाई 2026 तक 707729 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 35,915 मतदाता अनुपस्थित, 26,099 स्थानांतरित, 18,003 मृत, 7,562 दोहरे नाम और 11,594 अन्य श्रेणी में दर्ज किए गए।
608556 मतदाताओं ने निर्धारित अवधि में अपने प्रपत्र वापस जमा करा दिए। ऐसे में अब जिन मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं हो सके, उन्हें अपनी पात्रता साबित कर नाम जुड़वाने का अवसर दिया जा रहा है। इस निर्णय से उन मतदाताओं को राहत मिलेगी, जिनके गणना फार्म वापस प्राप्त नहीं होने के कारण उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे। अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना गणना फार्म दोबारा जमा कर सकेंगे।
बूथवार सूचियां नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर उपलब्ध
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ऐसे सभी मतदाताओं की बूथवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित की गई है।
बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) संबंधित मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें फार्म उपलब्ध करा रहे हैं। वाट्सअप, ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से भी फार्म भेजे जा रहे हैं। मतदाता मतदाता अपने पुराने ईपीआइसी नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआइनेट एप पर जाकर भी गणना फार्म डाउनलोड कर सकते हैं और उसे भर सकते हैं।
स्थान नहीं बदलने वाले मतदाताओं को भी मिलेगा अवसर
जिन मतदाताओं ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, वे निर्धारित गणना फार्म के साथ एक घोषणा पत्र जमा कर सकेंगे। इसमें उन्हें यह बताना होगा कि वे पहले अपना फार्म जमा क्यों नहीं कर पाए थे। यह फार्म संबंधित ईआरओ, एईआरओ अथवा बीएलओ के पास स्वयं या परिवार के सदस्य के माध्यम से जमा कराया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी ईसीआइनेट पर ई-साइन के साथ उपलब्ध रहेगी। जिन मतदाताओं ने उसी राज्य में अपना निवास स्थान बदल लिया है, उन्हें फार्म-6 जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाता नए पते और विधानसभा क्षेत्र की जानकारी देते हुए गणना
फॉर्म, निर्धारित घोषणा पत्र और पते के प्रमाण के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ या एईआरओ के पास आवेदन कर सकते हैं। नए मतदान केंद्र के बीएलओ से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और ईसीआइनेट एप पर ‘बुक ए काल विद बीएलओ’ सुविधा उपलब्ध है।
बेघर व्यक्तियों के पास यदि निवास प्रमाण से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं है तो ऐसे मामलों में बीएलओ की क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट को निवास प्रमाण के रूप में पर्याप्त माना जाएगा।
सत्यापन के बाद अंतिम मतदाता सूची में शामिल होंगे नाम
सभी आवेदनों का निस्तारण पंजीकरण निर्वाचक नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। इसमें मतदाता की पात्रता, सामान्य निवास और अन्य आवश्यक जानकारियों का सत्यापन किया जाएगा। आवश्यकतानुसार क्षेत्रीय जांच भी कराई जाएगी।
स्वीकृत आवेदनों को एसआइआर की अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए अलग से सुरक्षित रखा जाएगा तथा संबंधित मतदाताओं को उनका पहले वाला ईपीआईसी नंबर पुन: आवंटित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जिन मतदाताओं ने एसआइआर के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा गणना फार्म और घोषणा पत्र जमा करने की आवश्यकता नहीं है।
22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
हरियाणा में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 दिसंबर को किया जाएगा। वहीं एसआइआर के संशोधित कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियों से संबंधित नोटिस चरण तथा उनके निस्तारण की अवधि बढ़ाकर 15 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।