विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, 25 जनवरी से घर-घर सर्वे; आपसे से पूछे जाएंगे 40 सवाल

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:39 PM (IST)

पलवल जिले में 25 जनवरी से घर-घर जनगणना-2027 का दूसरा चरण शुरू होगा, जिसमें 40 सवाल पूछे जाएंगे। नागरिक 10 से 24 जनवरी तक ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे, और यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी।

जनगणना की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फोटो: सांकेतिक

जनगणना की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फोटो: सांकेतिक

जागरण संवाददाता, पलवल। प्रदेश के साथ पलवल जिले में भी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले में जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी तक किया जाएगा, जबकि एक से पांच मार्च तक पांच दिवसीय रिवीजन होगा।

जनगणना की तैयारियों को लेकर एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि राष्ट्रीय महत्व के जनगणना कार्य को व्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

कहीं से भी ऑनलाइन भरि परिवार का विवरण

उपायुक्त ने बताया कि जनसंख्या गणना के लिए घर-घर सर्वेक्षण शुरू होने से पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा मिलेगी।

इस दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद प्रगणक घर पहुंचकर दर्ज किए गए विवरण का सत्यापन करेंगे।

मोबाइल एप से दर्ज होगा जनगणना का रिकॉर्ड

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना-2027 की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। जनगणना कार्य में लगाए गए स्कूल शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों द्वारा स्मार्टफोन में उपलब्ध विशेष मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से परिवारों एवं व्यक्तियों का विवरण दर्ज किया जाएगा।

इसके अलावा पलवल, होडल और हथीन उपमंडलों में जनगणना कार्य की प्रगति, प्रशासनिक समन्वय और निगरानी के लिए जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा।

इससे कार्य में पारदर्शिता आएगी और मानवीय त्रुटियों की संभावना कम होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान नागरिकों से प्राप्त सभी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारियां जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी।

शिक्षा, रोजगार और प्रवास से जुड़े 40 सवाल

उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे।

इनमें रहन-सहन, जनसांख्यिकीय विवरण, सामाजिक एवं शैक्षणिक स्थिति, आर्थिक गतिविधियों, भाषा, प्रवास और अन्य निर्धारित विषयों से संबंधित जानकारियां शामिल होंगी।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रगणकों के घर पहुंचने पर सत्यापन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए आधार नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) से संबंधित विवरण आवश्यकतानुसार उपलब्ध रखने की तैयारी करें।

जनगणना के आंकड़े तय करेंगे विकास की दिशा

जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान में अपना सहयोग दें।

उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े ही जिले और प्रदेश की भावी विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण आधार साबित होते हैं।

यह भी पढ़ें- 'गन्ने का भाव 600 रुपये करो, वरना होगा बड़ा आंदोलन', 30 नवंबर को पलवल चीनी मिल पर किसान महापंचायत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।