पलवल सब्जी मंडी में लगेगा 5 टन का बायोगैस प्लांट, किसान कैंटीन में 10 रुपये में मिलेगी थाली
पलवल सब्जी मंडी में जैविक कचरे से प्रतिदिन बायोगैस बनाने की योजना है, जिससे किसान कैंटीन में एलपीजी की जगह इसका उपयोग होगा।

बायोगैस प्लांट। जागरण आर्काइव
HighLights
पांच टन जैविक कचरे से प्रतिदिन बायोगैस उत्पादन की योजना।
किसान कैंटीन में एलपीजी की जगह बायोगैस का होगा इस्तेमाल।
मंडी में कचरा और दुर्गंध कम होगी, 17 लोगों को रोजगार मिलेगा।
अंकुर अग्निहोत्री, पलवल। सब्जी मंडी में सड़ने वाले फल और सब्जियों का कचरा अब परेशानी के बजाय उपयोगी संसाधन बनेगा। मंडी से निकलने वाले जैविक कचरे से बायोगैस तैयार कर किसान कैंटीन में भोजन पकाने की योजना बनाई गई है।
इससे मंडी में कचरे के ढेर, दुर्गंध और गंदगी की समस्या कम होने के साथ रसोई ईंधन पर होने वाला खर्च भी घट सकेगा। नगर परिषद की ओर से पलवल मंडी में पांच टन प्रतिदिन क्षमता का बायोगैस प्लांट स्थापित करने के लिए परियोजना तैयार की गई है।
400 से 500 घन मीटर बायोगैस उत्पादन
प्लांट स्थापित होने के बाद मंडी में प्रतिदिन निकलने वाले फल, सब्जियों और अन्य जैविक कचरे का स्थानीय स्तर पर ही निस्तारण किया जा सकेगा। परियोजना के अनुसार, प्लांट से प्रतिदिन लगभग 400 से 500 घन मीटर बायोगैस उत्पादन का अनुमान है। वास्तविक उत्पादन प्लांट के संचालन और तकनीकी परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
मंडी स्थित किसान कैंटीन में प्रतिदिन करीब 400 किसानों और श्रमिकों को मात्र 10 रुपये प्रति थाली की दर से भोजन उपलब्ध कराया जाता है। प्रस्तावित योजना के तहत प्लांट से तैयार बायोगैस का उपयोग कैंटीन में खाना पकाने के लिए किया जाएगा। इससे व्यावसायिक एलपीजी पर निर्भरता कम होगी और परियोजना के अनुसार सालाना लगभग 180 एलपीजी सिलिंडरों की खपत को कम किया जा सकेगा।
इसका लाभ केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं रहेगा। मंडी में किसानों और श्रमिकों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने वाली कैंटीन को स्वच्छ ईंधन मिलने से इसकी व्यवस्था को बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
मंडी में कम होंगे कचरे के ढेर और दुर्गंध
मंडी में फल और सब्जियों के खराब होने के बाद बड़ी मात्रा में गीला कचरा निकलता है। समय पर निस्तारण नहीं होने पर यह कचरा दुर्गंध, गंदगी और अस्वच्छ वातावरण का कारण बनता है। प्रस्तावित प्लांट में जैविक कचरे को प्रसंस्करित कर उपयोगी गैस में बदला जाएगा।
इससे खुले में कचरा जमा होने की समस्या कम करने और मंडी परिसर को साफ रखने में मदद मिलेगी। बायोगैस बनने के बाद बचने वाली जैविक सामग्री से खाद तैयार करने की भी योजना है। इस तरह कचरे का उपयोग ऊर्जा और खाद दोनों के रूप में किया जा सकेगा।
शहर के वार्डों से भी जुटाया जाएगा गोबर
मंडी के जैविक कचरे के साथ शहर के विभिन्न वार्डों से गोबर एकत्र करने की व्यवस्था विकसित करने पर भी काम किया जाएगा। गोबर को निर्धारित स्थल पर प्रसंस्करित कर ऊर्जा तैयार करने की संभावनाएं तलाश की जाएंगी।
इसके अलावा गोबर से दीये जैसे उपयोगी उत्पाद बनाने को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इस पहल से सड़कों और खाली स्थानों पर गोबर जमा होने की समस्या कम करने तथा गोबर को उपयोगी उत्पाद में बदलने के अवसर मिल सकते हैं।
17 लोगों को मिल सकता है रोजगार
परियोजना के तहत प्लांट के संचालन और रखरखाव के लिए करीब 17 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। इसके अलावा परियोजना प्रबंधन और निगरानी के लिए तीन पदों का प्रावधान किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।
नगर परिषद की इस पहल का उद्देश्य मंडी के कचरे को समस्या के बजाय संसाधन बनाना है। हालांकि, बायोगैस प्लांट अभी प्रस्तावित है। इसके लिए वित्तीय सहयोग और आवश्यक स्वीकृतियां मिलने के बाद ही स्थापना और संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। -मनीषा शर्मा, नगर आयुक्त,पलवल।
यह भी पढ़ें- पलवल में वैगनार कार से 49 पेटी अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- पलवल में खनन माफिया का आतंक, यमुना से अवैध रेत निकाल रहे; रोकने पर टीम को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।