विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में तेजी से पैर पसार रहा खसरा, 11 महीने में 32 बच्चे संक्रमित; बूस्टर डोज छूटना बना वजह

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:37 PM (GMT+05:30)

पलवल जिले में खसरे का संक्रमण तेजी से बढ़ा है, 11 महीने में 32 मामले सामने आए हैं, जिनमें से पिछले डेढ़ महीने में सात नए केस दर्ज हुए हैं। 

डॉ. संजीव तंवर, एसएमओ। फाइल फोटो

डॉ. संजीव तंवर, एसएमओ। फाइल फोटो

HighLights

  1. पलवल में खसरे के 11 महीने में 32 मामले दर्ज।

  2. टीकाकरण की कमी और कोरोना काल में प्रभावित हुआ अभियान।

  3. स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान तेज किया।

कुलवीर चौहान, पलवल। जिले में खसरे का संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। पिछले साल जहां खसरे के 10 मामले सामने आए थे, वहीं इस साल 11 महीने में ही यह आंकड़ा बढ़कर 32 तक पहुंच गया है। चिंताजनक बात यह है कि पिछले डेढ़ महीने में सात बच्चे इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान तेज कर दिया है। टीकाकरण और बूस्टर डोज से चूकना और कोरोना काल में नियमित टीकाकरण प्रभावित होना संक्रमण बढ़ने की प्रमुख वजह मानी जा रही है।

बूस्टर डोज छूटने से बढ़ा संक्रमण का खतरा

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में सामने आ रहे अधिकांश मामले 8 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में मिल रहे हैं। इनमें ऐसे बच्चे अधिक हैं, जिनका साल 2022 से पहले किसी कारणवश पूरा टीकाकरण नहीं हो पाया था।

पिछले पांच वर्षों से बच्चों के टीकाकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और इस दौरान टीकाकरण की दर 100 प्रतिशत रही है। हालांकि, शुरुआती खुराक के बाद अभिभावकों द्वारा अगली खुराक और बूस्टर डोज समय पर नहीं लगवाने के कारण कुछ बच्चे संक्रमण के प्रति संवेदनशील रह गए।

कोरोना महामारी के दौरान भी दो साल तक कई परिवार बच्चों का नियमित टीकाकरण नहीं करा पाए थे। इसका असर अब सामने आ रहा है। राहत की बात यह है कि जिले में अब तक सामने आए किसी भी मामले में बच्चे की स्थिति गंभीर नहीं हुई है। संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर बच्चों की पहचान और टीकाकरण का अभियान शुरू किया है।

30 हजार बच्चों की हुई पहचान, 23 हजार को दोनों डोज

स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 10 वर्ष से कम आयु के करीब 30 हजार बच्चों को चिह्नित किया है। इनमें से 23 हजार बच्चों को खसरे से बचाव की दोनों खुराक दी जा चुकी हैं। जिले में श्मशाबाद और इस्लामाबाद सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र हैं। यहां पांच-पांच मामले सामने आए हैं।

इसके अलावा, होडल और हथीन क्षेत्र में भी संक्रमण के मामले मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में बच्चों के टीकाकरण के साथ संक्रमित बच्चों को विटामिन-ए और आवश्यक दवाएं दे रही हैं। संक्रमण से उबरने के बाद छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण भी कराया जा रहा है।

खसरे के लक्षणों को न करें नजरअंदाज

चिकित्सकों के अनुसार, खसरा एक बेहद संक्रामक वायरल बीमारी है। वायरस के संपर्क में आने के 10 से 14 दिन बाद इसके लक्षण दिखाई दे सकते हैं। शुरुआत में तेज बुखार, सूखी खांसी, नाक बहना और आंखों में लालिमा व पानी आने जैसी परेशानी होती है।

इसके बाद मुंह के अंदर सफेद धब्बे और शरीर पर लाल चकत्ते उभरने लगते हैं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर बीमारी निमोनिया और मस्तिष्क में सूजन जैसी गंभीर जटिलताओं का कारण बन सकती है। कुछ मामलों में इससे सुनने और देखने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है।

सरकारी अस्पतालों में टीका फ्री

खसरे से बचाव के लिए एमआर (मीजल्स-रूबेला) का टीका सबसे प्रभावी उपाय है। बच्चों को नौ से 12 महीने की आयु में पहली और 15 से 24 महीने की आयु में दूसरी खुराक लगवाना जरूरी है। सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर यह टीका निशुल्क उपलब्ध है।

खसरा संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। जिले में करीब 30 हजार बच्चों को टीकाकरण के लिए चिह्नित किया गया है। इनमें से 23 हजार बच्चों को दोनों खुराक दी जा चुकी हैं। शेष बच्चों का टीकाकरण भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।

- डॉ. संजीव तंवर, एसएमओ

यह भी पढ़ें- पलवल में रिश्वत लेने वाले RPF के ASI को पड़ गए लेने के देने, पहुंचा सलाखों के पीछे

यह भी पढ़ें- पलवल में एनकाउंटर, पुलिसकर्मी को टक्कर मारने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल; गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।