नोएडा में हिंसा और राजमार्ग पर जाम लगाने के बाद पुलिस चौकना, फैक्ट्रियों के बाहर सुरक्षा सख्त
नोएडा में हिंसक प्रदर्शन और पृथला में राजमार्ग जाम होने के बाद पलवल पुलिस सतर्क हो गई है। फैक्ट्रियों के ...और पढ़ें
-1776161343513_m.webp)
HighLights
नोएडा हिंसा, राजमार्ग जाम के बाद पलवल पुलिस सतर्क।
फैक्ट्रियों के आसपास पुलिसकर्मियों की गश्त, सुरक्षा बढ़ाई गई।
उपायुक्त ने न्यूनतम वेतन वृद्धि लागू करने के निर्देश दिए।
जागरण संवादाता,पलवल। वेतन वृद्धि को लेकर नोएडा में हुए हिंसक प्रदर्शन तथा पृथला औद्योगिक क्षेत्र में साईं आटो कंपनी की महिला व पुरुष कर्मचारियों द्वारा दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब ढाई घंटे जाम लगाने के बाद पुलिस चौंकना हो गई है। फैक्ट्रियों के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई।
मंगलवार को पुलिसकर्मी फैक्ट्रियों के इर्द-गिर्द गश्त करते नजर आए। उधर, राजमार्ग अवरुद्ध किये जाने की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से सोमवार शाम को लघु सचिवालय में पलवल औद्योगिक एसोसिएशन और उद्यमियों की एक बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में न्यूनतम वेतन में वृद्धि की घोषणा की है, जिसकी मांग को लेकर ही निजी कंपनी के कर्मचारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध किया। उन्होंने उद्यमियों से सवाल किया कि उन्होंने अपने कर्मचारियों को इस संदर्भ में आश्वस्त क्यों नहीं किया। उनको चाहिए था कि वे इस संदर्भ में नोटिस बोर्ड पर श्रमिकों के लिए सूचना प्रसारित करते।
औद्योगिक इकाइयों के मालिकों व प्रबंधन को चेताया
उन्होंने सभी को निर्देश दिए कि वे अपनी कंपनी में इस संदर्भ में नोटिस अवश्य लगाएं कि बढ़ी हुई न्यूनतम वेतन वृद्धि को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध करना उचित नहीं है। यदि श्रमिकों को कोई समस्या हो तो उन्हें पहले प्रशासन को शिकायत देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के मालिकों व प्रबंधन को भी चेताया कि वे भी श्रमिकों के हितों का पूर्ण ध्यान रखें। यदि भविष्यï में इस प्रकार की घटना हुई तो संबंधित कंपनी प्रबंधन सहित संबंधित श्रमिकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने भी राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध किये जाने की घटना पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। कानून को हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कंपनियों के प्रबंधकों से कांट्रेक्टर तथा श्रमिकों के साथ वेतन अनुबंध की जानकारी भी मांगी। उन्होंने कहा कि कोई भी कांट्रेक्टर अवैध तरीके से श्रमिकों के हितों का दोहन नहीं हर सकता।
