Noida Protest Highlights: नोएडा में अब तक 300 उपद्रवी गिरफ्तार, प्रदर्शन की आशंका के बीच दिनभर मुस्तैद रही पुलिस
वेतन वृद्धि की मांग के साथ सड़कों पर उतरे श्रमिकों का प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी है। हालांकि यह प्रदर्शन ...और पढ़ें

हाईवे पर भारी पुलिस बल तैनात, एहतियातन बढ़ाई सुरक्षा। जागरण
वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे श्रमिकों ने सोमवार को जगह-जगह जमकर उपद्रव किया। बीते शनिवार को इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में मिंडा फैक्ट्री के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से कामगार महिला के घायल होने के बाद से ही श्रमिक लामबंद हो रहे थे। सोमवार के उग्र प्रदर्शन के बाद मंगलवार को पुलिस नोएडा-ग्रेटर नोएडा में चप्पे-चप्पे पर तैनात है। आज सुबह से कुछ छिटपुट घटनाओं के अलावा किसी बड़ी घटना की बात सामने नहीं आई है।
सोमवार को प्रदर्शन हुआ हिंसक
सोमवार सुबह डंडे और पत्थर लेकर सड़कों पर उतरे श्रमिकों ने जिले के तीन औद्योगिक क्षेत्रों में भारी उत्पात मचाया। 500 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयों पर पथराव व तोड़फोड़ की और पुलिस वाहन सहित 20 से अधिक गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। एनएच-9 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे समेत कई मार्गों पर यातायात बाधित किया।
गाजियाबाद व दिल्ली आने-जाने वालों को भी जाम से जूझना पड़ा। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक यह घटनाक्रम चलता रहा। यानी करीब नौ घंटे तक पूरा नोएडा ‘बंधक’ बना रहा। उपद्रव के दौरान 10 पुलिसकर्मियों समेत 30 लोग घायल हो गए।
