पलवल वालों के लिए गुड न्यूज, नागरिक अस्पताल की जर्जर सड़कों से जल्द मिलेगा छुटकारा
पलवल के नागरिक अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को जल्द ही गड्ढों से छुटकारा मिलेगा। 88 लाख की लागत से सड़कें बनेंगी। 200 बेड के अस्पताल में रोजाना 2000 से अधिक मरीज आते हैं जिससे जर्जर सड़क से परेशानी होती थी। एंबुलेंस चालकों को भी दिक्कत होती थी। 71 लाख से शव गृह का विस्तार होगा जिसमें परिजनों के लिए शेड बनेगा।

जागरण संवाददाता, पलवल। जिला नागरिक अस्पताल में जल्द ही मरीज और तीमारदारों को गड्ढों से भरी सड़क से छुटकारा मिलने वाला है। करीब 88 लाख की लागत से जिला नागरिक अस्पताल की सड़कें इस माह बनकर तैयार हो जाएंगी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा इसका कार्य भी शुरू कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि जिला नागरिक अस्पताल जिले का सबसे बड़ा अस्पताल है। 200 बेड के जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन दो हजार से अधिक मरीज अपना उपचार कराने आते हैं।
इसके अलावा मरीजों के तीमारदार भी अस्पताल में आते हैं। ऐसे में इन मरीजों को अस्पताल में दाखिल होते ही इन गड्डों से जूझना पड़ता था। सबसे ज्यादा दिक्कत गर्भवती महिलाओं और घायल मरीजों को होती थी। कई महीनों से जर्जर सड़क की तरफ अस्पताल प्रबंधन नहीं दे रहा था।
एंबुलेंस चालकों ने बताया कि जब वो गर्भवती महिलाओं को अस्पताल लेकर आते हैं या फिर सड़क हादसे में घायल मरीजों को लेकर अस्पताल में इलाज के लिए आते हैं तो अस्पताल के अंदर की टूटी सड़क के कारण भारी परेशानी होती है। सावधानी के तौर पर गाड़ी को गड्ढे में से बहुत धीमी गति ले जाया जाता है ताकि किसी मरीज या गर्भवती महिलाओं को कोई परेशानी न हो।
शव गृह का भी होगा विस्तार
जिला नागरिक अस्पताल में 71 लाख की लागत से शव गृह में भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। शव ग्रह में मृतकों के स्वजन के बैठने के लिए शेड बनाई जा रही है। वहीं शवों को रखने के लिए अतिरिक्त कमरे का निर्माण भी किया जा रहा है।
साथ ही शव गृह की पुरानी इमारत में मरम्मत का कार्य भी चल रहा है। शव गृह में हर माह 100 से ज्यादा शवों का पोस्टमार्टम होता है। लेकिन वहां मृतकों के स्वजन के लिए बैठने की कोई व्यवस्था नहीं थी। पोस्टमार्टम के समय लोगों को वर्षा और तेज धूप का सामना करना पड़ता था। ऐसे में लोगों के बैठने के लिए शेड बनाने की मांग पिछले लंबे समय से उठ रही थी।
नए मुख्य द्वार का कार्य तेज
जिला नागरिक अस्पताल में बन रहे नए मुख्य द्वार का कार्य भी तेज हो गया है। सोहना रोड स्थित पड़ने वाले अस्पताल के मुख्य द्वार पर लगने वाले जाम को देखते हुए अस्पताल में इस नए द्वारा का निर्माण किया जा रहा है। अभी अस्पताल में एक ही द्वार है, जिससे जाम की स्थिति रहती है।
नियमों के अनुसार अस्पताल में दो द्वार होने चाहिए। इसी को देखते हुए कई वर्ष पहले इस नए द्वार के निर्माण की योजना बनी थी, लेकिन यह सिरे नहीं चढ़ सकी थी। लेकिन अब इस नए द्वार का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
इसी माह इसके निर्माण के पूरा होने की संभावना है। जिला नागरिक अस्पताल की सड़कों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही यह सड़कें बनकर तैयार हो जाएंगी। इसके साथ ही शव गृह का में भी निर्माण कार्य चल रहा है। - डॉ. सतिंदर वशिष्ठ, जिला सिविल सर्जन
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।