पलवल में ढाई करोड़ से बनेगी नंगला तिराहे से रेलवे स्टेशन तक की सड़क, 9 साल से जर्जर सड़क की बदलेगी सूरत
होडल में नंगला तिराहे से रेलवे स्टेशन तक की 9 साल से जर्जर सड़क का ढाई करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होगा। दिसंबर में शुरू होकर मार्च 2027 तक पूरा होने वाला यह कार्य स्थानीय लोगों और यात्रियों को बड़ी राहत देगा।

करीब पौने दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण मार्च 2027 के अंतिम सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
ढाई करोड़ की लागत से नंगला तिराहे से रेलवे स्टेशन सड़क बनेगी।
दिसंबर में निर्माण शुरू, मार्च 2027 तक पूरा होने का लक्ष्य।
9 साल से जर्जर सड़क से स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत।
चंद्र प्रकाश गर्ग, होडल (पलवल)। गौशाला मार्केट स्थित नंगला तिराहे से रेलवे स्टेशन तक जाने वाले जर्जर सड़क मार्ग का करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।
निर्माण कार्य दिसंबर के प्रथम सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। विभाग ने ठेका चरखी कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया है। करीब पौने दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण मार्च 2027 के अंतिम सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जनप्रतिनिधियों के सामने निर्माण की मांग उठाई
सड़क के निर्माण से आधा दर्जन से अधिक कालोनियों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी। लंबे समय से जर्जर सड़क से परेशान स्थानीय लोगों द्वारा कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने निर्माण की मांग उठाई गई थी।
9 साल से नहीं हुई मरम्मत, जगह-जगह बने गड्ढे
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण वर्ष 2015 में कराया गया था। इसके बाद सड़क की मरम्मत नहीं होने से यह जगह-जगह से उखड़कर बिखरने लगी। मार्ग पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं और कई स्थानों पर सड़क की रोड़ी-पत्थर बाहर निकल आए हैं। गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।
दुकानदार कर रहे दिक्कत का सामना
सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन चालकों और पैदल राहगीरों का आवागमन होता है। मार्ग पर नालियों का पानी भरने से भी परेशानी बढ़ जाती है। वहीं, सड़क से उड़ने वाली धूल-मिट्टी के कारण आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जून में भेजा गया था निर्माण का प्रस्ताव
लोक निर्माण विभाग द्वारा जून 2026 में सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा गया था। संबंधित अधिकारियों से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई और निर्माण कार्य का ठेका चरखी कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया। निर्माण कार्य की निगरानी के लिए विभागीय कनिष्ठ अभियंता सतीश कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। सड़क का निर्माण तारकोल से किया जाएगा।
इन काॅलोनियों के लोगों को मिलेगी राहत
सड़क बनने से नंगला रोड, फिरनी मार्ग, मंदिर क्षेत्र, अग्रवाल कालोनी, श्याम कालोनी, वाईएमसीए, हैफेड गोदाम काॅलोनी और राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड के आसपास रहने वाले लोगों को लाभ मिलेगा।
इसके अलावा गौशाला मार्केट के दुकानदारों, रेलवे स्टेशन और भुलवाना जाने वाले यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग काॅलोनियों से बाजार और रेलवे स्टेशन जाने के लिए शॉर्टकट के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। सड़क के निर्माण से लंबे समय से बनी परेशानी दूर होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- पलवल के 99173 वोटर का नाम अटका, 22 दिसंबर को आएगी फाइनल SIR लिस्ट; नाम जुड़वाने का आखिरी मौका
यह भी पढ़ें- पलवल में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, 25 जनवरी से घर-घर सर्वे; आपसे से पूछे जाएंगे 40 सवाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।