विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो महीने से टूटे पड़े सीवर मैनहोल, फसल सीजन में किसानों और राहगीरों की जान पर मंडरा रहा खतरा

Published: Thu, 26 Nov 2026 12:48 PM (GMT+05:30)

होडल की अनाज मंडी और पुरानी जीटी रोड सब्जी मंडी में क्षतिग्रस्त सीवर मैनहोल और ऊंचे-नीचे ढक्कन वाहन चालकों व राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। 

अनाज मंडी गेट पर क्षतिग्रस्त मैनहोल। जागरण

अनाज मंडी गेट पर क्षतिग्रस्त मैनहोल। जागरण

HighLights

  1. होडल में क्षतिग्रस्त मैनहोल और ढक्कन बने मुसीबत।

  2. वाहन चालकों और राहगीरों को हादसे का खतरा।

  3. शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी नहीं ले रहे सुध।

संवाद सहयोगी, होडल (पलवल)। शहर की अनाज मंडी और पुरानी जीटी रोड सब्जी मंडी के आसपास क्षतिग्रस्त सीवर मैनहोल और ऊंचे-नीचे लगे ढक्कन वाहन चालकों व राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। कहीं मैनहोल के ढक्कन टूटे हुए हैं तो कहीं सड़क से काफी नीचे धंस चुके हैं।

इससे वाहनों के गड्ढों में फंसने और दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों की शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी समस्या की सुध नहीं ले रहे हैं।

शहर की सबसे बड़ी अनाज मंडी में पिछले दो महीने से जगह-जगह सीवर मैनहोल क्षतिग्रस्त हैं। उनके ऊपर रखे ढक्कन भी टूटे हुए और आड़े-तिरछे हैं। इनकी मरम्मत के लिए मंडी व्यापारियों और राहगीरों की ओर से लगातार अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

फसल सीजन में बढ़ी परेशानी

इन दिनों अनाज मंडी में धान और कपास की फसल का सीजन चल रहा है। बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी वाहनों के जरिए फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। ऐसे में रास्तों पर बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त मैनहोल परेशानी बढ़ा रहे हैं।

रोजाना वाहनों के गड्ढों में फंसने की शिकायतें सामने आ रही हैं। यही स्थिति पुरानी जीटी रोड सब्जी मंडी के आसपास भी बनी हुई है। कहीं सीवर के ढक्कन सड़क से ऊंचे हैं तो कहीं काफी नीचे धंस गए हैं। अनजान वाहन चालकों को समय रहते गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

रात में हादसे का खतरा अधिक

राहगीर जयप्रकाश, प्रवीण, सत्य प्रकाश, सोनू, कलुआ, बाबूराम, गणेशीलाल और नरेश कुमार ने बताया कि पुरानी जीटी रोड से अनाज मंडी आने वाले मुख्य गेट के पास दो स्थानों पर सीवर मैनहोल काफी समय से क्षतिग्रस्त हैं।

उनके ढक्कन भी नीचे धंस चुके हैं। रात के समय अंधेरा होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन अनियंत्रित होकर गिरने का खतरा रहता है।

उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त मैनहोल से तेज दुर्गंध उठती है, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा, गड्ढों के आसपास सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग भी नहीं कराई गई है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द मेनहाल और ढक्कनों की मरम्मत कराए तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा इंतजाम करे।

अनाज मंडी के मुख्य गेट वाले रास्ते पर क्षतिग्रस्त मेनहाल पर आड़े तिरछे ढक्कन लगे हुए हैं, जिनके कारण यहां से निकलने में राहगीरों को परेशानी हो रही है। -गौरव

सब्जी मंडी के निकट

सड़क पर सीवर का ढक्कन काफी ऊंचा रखा हुआ है, राहगीर रोजाना टकराते रहते हैं। विभागीय अधिकारियों को अवगत भी कर दिया है लेकिन कोई ध्यान नहीं देता है। -ईश्वर

अनाज मंडी की सीवरेज एवं सफाई व्यवस्था मार्केटिंग बोर्ड की है। बाकी अन्य जगहों के क्षतिग्रस्त मेनहाल और ढक्कनों को जल्दी ठीक करा दिया जाएगा। -राहुल कुमार कनिष्ठ अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग।

यह भी पढ़ें- पलवल में वैगनार कार से 49 पेटी अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- पलवल में खनन माफिया का आतंक, यमुना से अवैध रेत निकाल रहे; रोकने पर टीम को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।