डस्टबिन का अभाव और खुले में जलता कचरा, पलवल में हादसों और बीमारियों को न्योता दे रही नगर परिषद की अनदेखी
होडल शहर में कूड़े के ढेरों में आग लगने से भारी प्रदूषण फैल रहा है, जिससे राहगीरों, निवासियों और दुकानदारों को परेशानी हो रही है।

होडल में सुलगते कूड़े के ढेर बढ़ा रहे प्रदूषण
संवाद सहयोगी, होडल (पलवल)। होडल शहर में विभिन्न स्थानों पर लगे कूड़े के ढेरों में आग लगने और उससे उठने वाले धुएं व प्रदूषण के कारण राहगीरों, स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को पुरानी सब्जी मंडी स्थित जगजीवन राम चौक के पास लगे कूड़े के ढेर में आग लगने से पूरे क्षेत्र में धुआं और बदबू फैल गई, जिससे आसपास के दुकानदारों और वहां से गुजरने वाले लोगों का निकलना भी दूभर हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ा जलाने की घटनाएं सबसे अधिक सुबह के समय होती हैं, जब बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे सैर करने के लिए निकलते हैं। शहर के पुरानी जीटी रोड, पुरानी तहसील मार्ग, हसनपुर चौक और सर्विस रोड के पास अक्सर कूड़े के ढेर सुलगते रहते हैं। इसके कारण फैलने वाले प्रदूषण से बचने के लिए सुबह सैर पर निकलने वाले लोगों को मजबूरन दूसरे रास्तों से होकर जाना पड़ता है।
राहगीरों ने लगाए प्रशासन पर आरोप
राहगीरों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
लोगों का कहना है कि शिकायत करने पर कुछ दिनों के लिए तो कूड़े में आग लगना बंद हो जाता है, लेकिन उसके बाद फिर से वही सिलसिला शुरू हो जाता है। प्रशासन की अनदेखी से परेशान होकर अब राहगीरों ने जलते हुए कूड़े की तस्वीरें खींचकर इंटरनेट पर प्रसारित करना शुरू कर दिया है।
कई जगहों पर खुले में पड़े कचरे
इसके अलावा, शहर में कूड़ा-कचरा डालने के लिए डस्टबिन की कोई सुविधा या निर्धारित स्थान न होना भी इस समस्या को बढ़ा रहा है। त्योहारों के चलते होने वाली साफ-सफाई के कारण घरों और दुकानों से अधिक मात्रा में कचरा निकल रहा है, लेकिन उचित व्यवस्था न होने से लोग इधर-उधर कूड़ा डालने को मजबूर हैं।
हालांकि, नगर परिषद के वाहनों द्वारा कूड़े का उठाव किया जाता है, लेकिन कई जगहों पर खुले में पड़े कचरे में आग लगा दिए जाने से धुएं और प्रदूषण की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है।
क्या कहते हैं शहरवासी
'कूड़े में लगी आग और उससे निकलने वाले प्रदूषण के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शिकायत पर ध्यान नहीं दिया जाता है।'
-जेके मित्तल
'कूड़ा चलने पर सुबह के समय सैर पर निकलने वाले बुजुर्गों और बच्चों को प्रदूषण का सामना करना पड़ता है।'
-विष्णु कुमार
'सड़क किनारे कूड़े की दरियां आग और धुएं से सुलगते रहते हैं राहगीरों को प्रदूषण का सामना करना पड़ता है अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए।'
-भोले
यह भी पढ़ें- दीपावली की रात पलवल में खूनी वारदात, मामूली कहासुनी में युवक के सिर में मारी गोली
यह भी पढ़ें- पलवल में बच्चों को बाल अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, शामिल हुए कई गणमान्य लोग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।