नाली का लेवल खराब या सफाई में लापरवाही? सड़क पर बह रहा गंदा पानी, घरों से निकलना मुश्किल
हसनपुर के वार्ड नंबर दो में मल्लाह मोहल्ले और जटोली रोड पर जल निकासी की गंभीर समस्या है, जहां नालियों का गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है।

पलवल के हसनपुर में जलभराव से हाल बेहाल। जागरण
HighLights
मल्लाह मोहल्ले और जटोली रोड पर जलभराव की समस्या।
लोक निर्माण विभाग और ग्राम पंचायत में जिम्मेदारी का विवाद।
पाइपलाइन जाम होने से पानी निकासी में बाधा।
संवाद सहयोगी, हसनपुर (पलवल)। वार्ड नंबर दो स्थित मल्लाह मोहल्ले और जटोली रोड पर जल निकासी की समस्या स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। नालियों का दूषित पानी सड़कों पर जमा होने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
हालात यह हैं कि घरों के सामने कीचड़ फैली हुई है और राहगीरों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए जिम्मेदार दो विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों को राहत नहीं मिल रही।
सफाई व्यवस्था किसकी जिम्मेदारी
जटोली रोड पर लोक निर्माण विभाग की ओर से नालियों का निर्माण करवाया गया है, जबकि उनकी सफाई व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की है। ग्राम पंचायत का कहना है कि नालियों का लेवल सही नहीं होने के कारण पानी की निकासी सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। सफाई कर्मचारियों से कई बार नालियों की सफाई करवाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कुछ ही दिनों में नालियां दोबारा ओवरफ्लो हो जाती हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब वे नालियों के ओवरफ्लो होने की शिकायत ग्राम पंचायत से करते हैं तो पंचायत अधिकारी इसे लोक निर्माण विभाग की खामी बताकर जिम्मेदारी से बचते हैं।
वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के पास शिकायत लेकर जाने पर सफाई की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की बताकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। ऐसे में दो विभागों के बीच जल निकासी का पेंच फंसा हुआ है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पाइपलाइन जाम, सड़क पर जमा हो रहा पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्राम पंचायत की ओर से काफी समय पहले पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन दबाई गई थी, लेकिन वह भी लंबे समय से जाम पड़ी है।
इसके चलते मोहल्ले का पानी पाइपलाइन के माध्यम से बाहर नहीं निकल पा रहा और जटोली रोड से हसनपुर-पलवल मार्ग पर जमा हो रहा है। लोगों का कहना है कि यदि पाइपलाइन की सफाई करवाकर निकासी व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाए तो काफी हद तक समस्या का समाधान हो सकता है।
वाहनों के गुजरने पर राहगीरों पर पड़ते हैं छींटे
सड़क पर दूषित पानी जमा होने के कारण पैदल चलने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। वाहनों के गुजरने पर गंदा पानी और कीचड़ उछलकर राहगीरों के कपड़ों पर पड़ता है।
वहीं, सड़क किनारे बनी दुकानों के अंदर तक गंदा पानी पहुंच जाता है। इससे दुकानदारों को परेशानी के साथ खाद्य सामग्री खराब होने का डर भी बना रहता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से आपसी तालमेल बनाकर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
'जटोली रोड पर नालियों का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा करवाया गया है,जिनका लेबल ठीक नहीं होने के कारण नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं। जिन्हें समय समय पर साफ भी करवा दिया जाता है। नालियों को लेकर विभाग से बात की जाएगी।'
-हेतराम बघेल,सरपंच
पानी निकासी के लिए दबाई गई पाइप लाइन भी काफी दिनों से जाम पड़ी हुई है। जिसके कारण मोहल्ले से पानी निकासी नहीं हो पा रही। शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा।
-लक्ष्मी देवी,गृहणी
सड़क पर हर समय पानी भरा होने के कारण सड़क पर गड्ढ़े बन गए हैं, जिनमे पानी भरा होने के कारण वाहनों के गुजरते समय गंदा पानी उछलने से राहगीरों के कपड़े खराब हो जाते हैं।
-मुबारक खान
वार्ड में घरों के सामने नालियों का गंदा पानी भरा होने के कारण बहुत परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्राम सरपंच व ग्राम सचिव से कई बार शिकायत कर चुके हैं, परंतु कोई सुनवाई नहीं हो रही।
-अमरनाथ,वार्ड निवासी
यह भी पढ़ें- पलवल कोर्ट का बेलिफ 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, मकान का कब्जा दिलाने के लिए मांगे थे 70 हजार
यह भी पढ़ें- पलवल में पैसों के लेनदेन में दो गुटों के बीच फायरिंग, बाप-बेटे को लगी गोली; 7 साल का मासूम भी जख्मी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।