विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जागरण का असर: विभाग पर कसा शिकंजा तो तीन साल बाद शुरू हुआ निर्माण, अब 90 लाख की लागत से बनेगी नई सड़क

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:54 PM (GMT+05:30)

हसनपुर-लहरपुर में तीन साल से अधूरी पड़ी 90 लाख रुपये की सड़क का निर्माण कार्य दैनिक जागरण की खबरों के बाद फिर से शुरू हो गया है। 

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. तीन साल से अधूरी हसनपुर-लहरपुर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ।

  2. दैनिक जागरण की लगातार खबरों के बाद विभाग ने संज्ञान लिया।

  3. ग्रामीणों, राहगीरों और किसानों को आवागमन में बड़ी राहत मिली।

संवाद सहयोगी, हसनपुर। तीन साल से अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हसनपुर खंड के गांव लहरपुर (वली मोहम्मदपुर) से हसनपुर तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 90 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है।

लंबे समय से सड़क अधूरी होने के कारण ग्रामीणों, राहगीरों और किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। दैनिक जागरण द्वारा लगातार इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और अब निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

निर्माण की जिम्मेदारी किसे सौंपी गई?

27 फरवरी 2024 को तत्कालीन विधायक जगदीश नायर ने सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। निर्माण की जिम्मेदारी हसनपुर मार्केट कमेटी को सौंपी गई थी। शिलान्यास के कुछ समय बाद विभाग ने सड़क के कुछ हिस्से में गिट्टियां डालकर काम अधूरा छोड़ दिया।

इसके बाद कभी ग्रेप की पाबंदियां, कभी डामर उपलब्ध नहीं होने और कभी ठेकेदार की लापरवाही के चलते निर्माण कार्य बीच में ही अटका रहा। देखते ही देखते दो महीने में पूरा होने वाला काम करीब तीन साल तक अधूरा पड़ा रहा।

लगातार खबरों के बाद शुरू हुआ निर्माण

सड़क निर्माण में हो रही देरी और ग्रामीणों की परेशानी को दैनिक जागरण ने समय-समय पर प्रमुखता से प्रकाशित किया। जनवरी 2025 में ''सड़क का निर्माण कार्य अधर में लटका'' शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई। इसके बाद मार्च 2025 में ''अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य नहीं हुआ शुरू'' शीर्षक से समस्या को उठाया गया।

अप्रैल 2026 में ''दो महीने का काम दो साल में भी नहीं हुआ पूरा, गांवों के लोग परेशान'' शीर्षक से खबर प्रकाशित कर विभाग का ध्यान आकर्षित किया गया। लगातार खबरों के प्रकाशन के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया।

किसानों को भी हो रही थी परेशानी

सड़क अधूरी होने के कारण राहगीरों के साथ-साथ किसानों को भी खेतों से फसल लेकर आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर जगह-जगह गिट्टियां बिखरी होने से दोपहिया और अन्य वाहनों के पंचर होने का खतरा बना रहता था।

धूल और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत होती थी। निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों और किसानों ने राहत जताते हुए दैनिक जागरण का आभार प्रकट किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का काम पूरा होने से आवागमन सुगम होगा और लंबे समय से चली आ रही परेशानी से निजात मिलेगी।

'सड़क निर्माण के बाद हसनपुर आनाजाना सुगम होगा तथा किसानों को खेतों से अपनी फसल लाना ले जाना आसान हो जाएगा। दैनिक जागरण अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है।'
-श्याम सुंदर शर्मा,किसान सदुआगढी

'सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा होने तथा सड़क पर गिट्टियां बिछी होने के कारण वाहन पंचर होने का डर रहता था। दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सड़क निर्माण के बाद आवागमन सुगम होगा।'
-हुकम चंद, निवासी लहरपुर

'सड़क का निर्माण कार्य शुरू होना एक अच्छी खबर है, सड़क का निर्माण कार्य काफी दिनों से अधर में अटका पड़ा था। जिसको लेकर दैनिक जागरण अखबार ने भी कई बार जन समस्या को ध्यान में रखते हुए खबर को प्रकाशित किया था।'
-दीपक कुमार,निवासी लहरपुर

यह भी पढ़ें- पलवल में वैगनार कार से 49 पेटी अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- पलवल में दिल्ली-आगरा हाईवे पर हर एक किलोमीटर पर लग रहे AI कैमरे, नियम तोड़ने वालों पर कसेगा शिकंजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।