'हर घर यज्ञ व हर दिन यज्ञ' के अभियान की शुरुआत
अगस्त आर्य समाज अलावलपुर ने हर घर यज्ञ व हर दिन यज्ञ अभियान की शुरुआत की है।

जासं, पलवल: अगस्त आर्य समाज अलावलपुर ने 'हर घर यज्ञ व हर दिन यज्ञ' अभियान की शुरुआत की है। अभियान के माध्यम से गांव की चौपाल पर यज्ञ का आयोजन होगा। यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात भजनोपदेश का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें वैदिक विद्वान भाग लेंगे। पर्यावरण के शुद्धिकरण के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है।
वैदिक धर्म प्रचारणी सभा के प्रवक्ता स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती ने कहा कि यज्ञ करने से हमारा अंत:करण शुद्ध होता है, यज्ञ में बोले जाने वाले मंत्रों का प्रभाव मन व आत्मा पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि आत्मा अजर-अमर है ,आत्म कल्याण के अभिलाषी को नित्य ब्रह्म यज्ञ करना चाहिए।
स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती ने कहा कि हमें ईश्वर द्वारा प्रदत्त देवताओं की पूजा करनी चाहिए, ईश्वर द्वारा बनाई जातियों को मानना चाहिए और ईश्वर कृत धर्म को मानना चाहिए। उन्होंने बताया कि ईश्वर निराकार और सर्वव्यापक है वह जन्म मरण के बंधन से रहित है। हमें उसकी उपासना करनी चाहिए। ईश्वर की उपासना करने से आत्मा को बल की प्राप्ति होती है तथा बुद्धि निर्मल होती है। इस अवसर पर उदयराज आर्य, इन्द्रदेव आर्य, देवीलाल, प्रथम सिंह, तोशराज, बलबीर पहलवान, जगमोहन, नरेंद्र शास्त्री, धर्मवीर, निरंजन मेंबर, धीर सिंह, फत्तेराम आदि मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।