यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Junaid-Nasir Murder Case: हरियाणा में राजस्थान पुलिस के 30-40 कर्मियों पर FIR दर्ज
आरोप है कि भरतपुर पुलिस जुनैद और नासिर की मौत मामले में आरोपित श्रीकांत को पकड़ने के लिए पुलिस उसके ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता,नूंह। गौ तस्करी को लेकर जिंदा जलाए गए जुनैद-नासिर केस में अब हरियाणा बनाम राजस्थान की लड़ाई शुरू हो गई है। मंगलवार को हरियाणा पुलिस ने राजस्थान पुलिस के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। दरअसल ये केस नासिर और जुनैद की हत्या के मामले में नहीं दर्ज किया गया है, बल्कि राजस्थान पुलिस द्वारा एक आरोपी श्रीकांत पंडित के घर छापा मारने के सिलसिले में दर्ज की गई है।
गांव मरोड़ा में रहने वाली गर्भवती कमलेश तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों को पीटने तथा अभद्र व्यवहार करने के आरोप में राजस्थान के भरतपुर पुलिस के 30 से 40 पुलिस कर्मियों के विरुद्ध नगीना थाने में मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार की दोपहर दर्ज की गई एफआइआर में किसी को भी नामजद नहीं किया गया है।
बुरी तरह पीटकर जमीन पर घसीटा
मामले की जांच नूंह पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला द्वारा बनाई गई एसआईटीकर रही है। कमलेश की सास दुलारी के बयान को पुलिस ने आधार बनाया है। शिकायत में दुलारी ने बताया कि 17 फरवरी की देर रात उनके घर के दरवाजे तोड़कर राजस्थान पुलिस के तीस से चालीस पुलिसकर्मी अंदर आए और उनके बेटे श्रीकांत को पूछने लगे।
जब यह बताया गया कि बेटा घर पर नहीं है तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की पुत्रवधू कमलेश बचाने के लिए आगे आई तो आरोप हैं उन्हें बुरी तरह से पीटा और जमीन पर घसीटा भी जिसके चलते कमलेश की तबीयत खराब हुई और अस्पताल में दाखिल करना पड़ा।
पीटने के कारण हुई गर्भ में पल रहे बच्चें की मौत
पीटने से कमलेश के पेट में पल रहा नौ माह के बच्चे की मौत हो गई। सर्जरी कर डाक्टरों ने मृत बच्चे को पेट से बाहर निकाला। कमलेश अभी भी नूंह के नल्हड़ स्थित मेडिकल कालेज में भर्ती है। बच्चे के शव को दफना दिया गया था।
मामला तूल पकड़ने पर पुलिस ने रविवार शाम मिट्टी से शव को निकलवा कर डाक्टरों के पैनल से मेडिकल कराया। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बच्चे की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई।विसरा तथा फेफड़ों और किडनी के सैंपल लेकर फोरेंसिक लैब भेजे गए हैं।
पति श्रीकांत को पकड़ने आई थी पुलिस
रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। जिसके बाद ही जांच आगे बढ़ेगी। इस मामले को लेकर सोमवार को नूंह पहुंची हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने कार्रवाई नहीं करने पर पुलिस अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी थी। जिसके बाद ही पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है।
भरतपुर पुलिस जुनैद और नासिर की मौत मामले में आरोपित बनाए गए कमलेश के पति श्रीकांत को पकड़ने के लिए उसके घर आई थी। वहां के पुलिस का दावा है कि नगीना थाने की पुलिस टीम भी उनके साथ थी, लेकिन नूंह के पुलिस अधीक्षक की ओर से इस बारे में कोई बयान नहीं आया है।
