Nuh Crime: मंदिर के पुजारी पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर किया लहुलुहान, हालत गंभीर
फिरोजपुर झिरका में पांडवकालीन शिव मंदिर के पुजारी विष्णु पर दो अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। लोहे की रॉड और लाठियों से किए गए हमले में पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आचार्य श्यामलाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल पुजारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका। अरावली की वादियों में स्थित पांडवकालीन शिवमंदिर के दूसरी ओर पहाड़ों पर बने मंदिर के पुजारी पर लोहे की राड, लाठी से लैस दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर लहुलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल पुजारी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर झिरका में भर्ती करवाया गया। मंदिर के संचालक आचार्य श्यामलाल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात दो हमलावरों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार तिजारा रोड पर स्थित पांडव कालीन शिवमंदिर के दूसरी ओर आचार्य श्यामलाल ने पहाड़ों में बड़े- बड़े मंदिर एवं यज्ञशाला बनाई हुई है। मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए वहां पर विष्णु निवासी रेवाड़ी नाम का पुजारी रहता है। प्रतिदिन की भांति बीते 14 अगस्त की शाम को मंदिरों में पूजा अर्चना करने एवं अपनी दिनचर्या का काम निपटाकर बरामदे में सो गया था।
रात्रि को लोहे की राड एवं लाठी से लैस होकर दो नकाबपोश अज्ञात बदमाश आए और उन्होंने मंदिर के पुजारी विष्णु पर ताबड़तोड जानलेवा हमला कर दिया। विष्णु को हमले में मरा हुआ समझकर वे भाग गए। विष्णु के आवाज लगाने पर आचार्य श्यामलाल वहां पहुंचे। गंभीर रूप से घायल विष्णु को वे उपचार के लिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर झिरका लाए। जहां पर डाक्टरों ने पुजारी का उपचार किया। बताया जा रहा है कि इस हमले में विष्णु के रीढ़ की हड्डी और पांवों में काफी ज्यादा चोटें आई हैं।
मंदिर के पुजारी पर जानलेवा हमले करने वाले दो अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। आचार्य श्यामलाल की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। इन दोनों अज्ञात बदमाशों का पता लगाकर इनको शीघ्र दबोचा जाएगा। - जगबीर सिंह, प्रभारी सिटी थाना फिरोजपुर झिरका
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।