Nuh News: 2 साल पहले जहां बरसे थे पत्थर, वहां फूल बरसाने की तैयारी; 42 जगहों पर होगा जलाभिषेक यात्रा का स्वागत
नूंह में जलाभिषेक यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा जहां मुस्लिम समुदाय गंगा-जमुना तहजीब की मिसाल पेश करेगा। नूंह हिंसा के बाद मुस्लिम समाज के लोग 42 स्थानों पर श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा और खानपान से स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं। मेवात विकास मंच और अन्य संगठन भाईचारे का संदेश दे रहे हैं ताकि क्षेत्र में फिर से प्यार और सद्भाव का माहौल बन सके।

मोहम्मद हारून, नूंह। जहां पर दो वर्ष पहले ब्रज मंडल यात्रा पर हिंसा के दौरान पत्थर बरसे थे, वहां पर फूल बरसाने की तैयारी चल रही है। जिले के दोनों समुदायों की तरफ से जलाभिषेेक यात्रा के दौरान लगभग 42 जगहों पर स्वागत की तैयारी चल रही है।
मुस्लिम समाज के लोगों ने जलाभिषेक यात्रा को लेकर विशेष रूप से तैयारी की है। नूंह हिंसा के दाग धोने के लिए मुस्लिम समाज ने प्रबुद्ध लोग व कई सामाजिक संगठन भी आगे आए हैं। मेवात विकास मंत्र, मेवात विकास सभा, बार एसोसिएशन नूंह के अलावा जिले सरपंच व प्रबुद्ध लोग भी यात्रा के स्वागत करेंगे।
ये लोग जलाभिषेक यात्रा को लेकर यहां पर गंगा जमुना तहजीब की फिर से मिशाल कायम करेंगे। जिसके लिए सभी संगठनों ने जिले के शुरुआत से लेकर आखिर छोर तक जलाभिषेक यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा व खान पान की व्यवस्था तक की तैयारी शुरू कर दी है।
विदित रहे कि मेवात क्षेत्र में हिंदू- मुस्लिम एकता की मिशाल सदियों से रही है। यहां पर दोनों समुदाय के लोग आपसी प्यार व भाईचारे के साथ रहते आए हैं। दोनों समुदाय के लोग एक दूसरे सुख दुख में हमेशा साथ रहे हैं।
तीज त्यौहार सभी अवसर पर मिलजुलकर मनाते रहें हैं, लेकिन 31 जुलाई 2023 में दोनों तरफ से हुई कुछ नादानियों की वजह से हिंसा हुई। जिसमें कई लोगों की मौत भी हुई थी। तभी से दोनों समुदाय के लोगों में हल्की सी खाई नजर आ रही थी।
इसी खाई को पाटने के लिए अबकी बार मुस्लिम समुदाय के लोगों ने यात्रियों पर फूलमालाओं की वर्षा करेंगे। सलंबा गांव के इब्राहीम पहलवान कहते हैं कि दोनों समुदाय के लोग आज भी प्यार भाईचारे के साथ रहते हैं, लेकिन पीछे कुछ बाहरी लोगों ने माहौल खराब करने की काैशिश की। इशब खान का कहना था कि मेवात की फिजा खराब करने वालों लोगों को यहां के दोनों समुदाय के लोग समझ चुके है। इसलिए ऐसे लोगों के बहकावे में कोई नहीं आएगा।
मुस्लिम समाज की तरफ से गुरूग्राम अलवर मार्ग पर रेवासन टोल प्लाजा, रोजका मेव, हिरमथला, घासेडा, फिरोजपुर नमक, गांधी पार्क, जोगीपुर मोड, अडबर चौक, खेडला, पल्ला, मेडिकल मोड, मरोडा़, मालब, दिहाना, आकेडा, गोहाना मोड, भादस, बडकली चौक, मांडीखेडा, जाटका सिसवाना, मोहम्मदबास, बोडीकोठी, नसीर बास, धमाला, फिरोजपुर झिरका, इमामनगर, छछेडा, सालाहेडी, सलंबा, किरा गोशाला, पिनगंवा, लाहाबास, शाहचौखा, पैमा खेड़ा मोड इंदाना के अलावा कई स्थानों पर यात्रा पर फूलमालाओं से स्वागत करने का प्रोग्राम।
स्वागत का कार्यक्रम में हिंदू समाज के लोगों ने भी कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार की है। भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू का कहना था कि यहां पर सभी समुदाय के लोग यात्रा की स्वागत की तैयारी में लगे हैं। जिससे दोनों समुदायों में आपसी प्यार और ज्यादा बढ़ेगा।
31 जुलाई 2023 एक अपवाद रहा है। यहां पर दोनों समुदाय के लोग प्यार से रहते हैं। हम श्रद्धालुओं का फूल माला पहनाने के पुष्प वर्षा करेंगे । खान पान की व्यवस्था भी होगी। - जान मोहम्मद , जिला प्रमुख नूंह
हमने पिछले वर्ष भी पुष्प वर्षा की थी। इस बार भी श्रद्धालुओं का स्वागत फूल मालाओं से होगा। इसके लिए संगठन ने सभी तैयारी कर ली हैं। - जाहिद हुसैन बाई, अध्यक्ष मेवात विकास मंच
हमारा भाईचारा पहले भी था, अभी भी है, आगे भी रहेगा। कुछ बाहरी लोग बेवजह माहौल खराब करते है। सभी धर्माें के अनुयाइयों के आदर सम्मान करना सभी वर्गों का फर्ज बनता है। -रमजान चौधरी, समाज सेवी व वरिष्ठ वकील नूंह

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।