मेवात में महिला के कपड़े पहनकर मोबाइल दुकान में घुसा चोर, पांच लाख नकद और 40 फोन लेकर फरार
सोमवार रात पुन्हाना, मेवात में एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में चोर ने महिला के कपड़े पहनकर सेंध लगाई। चोर ...और पढ़ें

HighLights
पुन्हाना में मोबाइल दुकान से पांच लाख नकद चोरी।
चोर ने महिला के कपड़े पहनकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
जागरण संवाददाता, पुन्हाना (मेवात)। सोमवार रात चोर ने एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये नकद और 30 से 40 मोबाइल फोन चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपित महिला के कपड़े पहनकर आया था। चोर दुकान के पीछे बने खाली प्लाट से अंदर पहुंचा और रोशनदान तोड़कर दुकान में दाखिल हो गया। चोरी की सूचना पर पुलिस और फाेरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मरम्मत के लिए आए फोन भी चुराए
दुकानदार खल्ली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के मुख्य चौराहे पर उसकी मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। दुकान में नए और पुराने मोबाइल फोन रखे जाते हैं। इसके अलावा वह डिस्ट्रीब्यूटर का काम भी करता है। साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांग पेंशनधारकों को पेंशन की नकदी उपलब्ध करवाने का काम भी करता है। सोमवार शाम को वह दुकान में करीब पांच लाख रुपये नकद रखकर घर चला गया था। दुकान में कई ग्राहकों के मोबाइल फोन भी मरम्मत के लिए रखे हुए थे।
बिछौर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रहीं
दुकानदार के अनुसार मंगलवार अलसुबह करीब तीन बजे आरोपित पीछे की तरफ से दीवार फांदकर खाली प्लाट में पहुंचा। इसके बाद रोशनदान तोड़कर दुकान में घुस गया और नकदी व मोबाइल फोन समेटकर उसी रास्ते से फरार हो गया। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला। ग्रामीणों का कहना है कि बिछौर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
रात में असामाजिक तत्व बेखौफ घूम रहे
इससे पहले 26 अक्टूबर को चोर एक मकान को निशाना बनाकर जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में एक महीने के दौरान 10 से 15 चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद चोरों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। दुकानदार खल्ली ने आरोप लगाया कि गांव में नियमित पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। रात के समय असामाजिक तत्व बेखौफ होकर घूमते हैं।
मोबाइल दुकान में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
-सुखबीर सिंह, बिछौर थाना प्रभारी।
यह भी पढ़ें- मेवात में चालक की सूझबूझ से बचीं दो जिंदगियां, चलती बस में महिला ने दिया बेटे को जन्म
यह भी पढ़ें- मेवात में SDM के आदेश की उड़ीं धज्जियां, पुनहाना अनाज मंडी में आढ़तियों का कब्जा जारी; किसान परेशान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।