KMP एक्सप्रेसवे पर केमिकल से भरा टैंकर पलटा, सड़क पर फैलते ही लगी आग; लपटों को देख थमी गाड़ियों की रफ्तार
केएमपी एक्सप्रेसवे पर खोड़ बसई सीमा क्षेत्र में एक केमिकल से भरा टैंकर पलट गया, जिससे केमिकल फैलने के बाद ...और पढ़ें

खोड़ बसई सीमा क्षेत्र में ढलान पर पलटा केमिकल से भरे टैंकर में लगी आग। जागरण
HighLights
केएमपी एक्सप्रेसवे पर केमिकल टैंकर पलटने से आग लगी।
हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आग लगने से एक्सप्रेसवे पर एक किलोमीटर लंबा जाम लगा।
जागरण संवाददाता, तावड़ू (नूंह)। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर खोड़ बसई सीमा क्षेत्र में पहाड़ी की ढलान पर केमिकल से भरा एक टैंकर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा केमिकल सड़क पर फैल गया और देखते ही देखते आग भड़क उठी। सड़क पर फैले केमिकल में लगी आग से एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया
हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की पांच से छह गाड़ियां मौके पर जुटी रहीं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन रोक दी, जिससे दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
टैंकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलटा
पुलिस के अनुसार हादसा थाना रोजका मेव क्षेत्र में खोड़ बसई के पास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। मानेसर से पलवल की ओर जा रहा केमिकल से भरा टैंकर ढलान पर पहुंचा तो चालक ने वाहन को न्यूट्रल कर दिया। ढलान पर गति बढ़ने के कारण टैंकर अनियंत्रित हो गया। इस दौरान चालक वाहन पर संतुलन नहीं रख पाया और टैंकर डिवाइडर से टकराने के बाद कुछ दूरी पर पलट गया।
पुलिस ने दोनों तरफ से यातायात बंद किए
टैंकर पलटने से उसमें भरा केमिकल सड़क पर फैल गया और उसमें आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि काफी देर तक सड़क पर केमिकल जलता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कई गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने दोनों तरफ से यातायात बंद कर दिया।

ट्रैफिक दूसरे रोड पर कर रहे डायवर्ट
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे की ढलान पर कई बार चालक वाहन को न्यूट्रल कर देते हैं,जो बेहद गलत और खतरनाक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क पर फैले केमिकल और आग वाले स्थान से दूर रहें। आवश्यकता पड़ने पर यातायात को दूसरे मार्ग पर डायवर्ट किया जा सकता है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि केएमपी एक्सप्रेसवे पर ढलान के दौरान वाहन को न्यूट्रल न करें और निर्धारित सावधानियों के साथ वाहन चलाएं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- नूंह में 21 नवंबर को लगेगी विशेष लोक अदालत, चेक बाउंस मामलों का होगा त्वरित निपटारा
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम-नूंह में नशीली दवाओं के हिसाब में गड़बड़ी, 44 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।