विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम-नूंह में नशीली दवाओं के हिसाब में गड़बड़ी, 44 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित

Published: Mon, 02 Nov 2026 10:44 PM (IST)

एफडीए हरियाणा ने गुरुग्राम और नूंह जिलों में नशीली दवाओं के रिकॉर्ड में अनियमितताओं के चलते 44 मेडिकल स्टोर के ...और पढ़ें

गुरुग्राम और नूंह के मेडिकल स्टोर का लाइसेंस गायब ( एआई जेनरेटेड इमेज )

गुरुग्राम और नूंह के मेडिकल स्टोर का लाइसेंस गायब ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. गुरुग्राम-नूंह में 46 मेडिकल स्टोर की जांच हुई।

  2. 44 लाइसेंस निलंबित, 2 रद्द हुए अनियमितताओं पर।

  3. नशीली दवाओं के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली।

वरुण त्रिवेदी, गुरुग्राम। मेडिकल स्टोर से नशीली दवाएं कहां से खरीदी जा रही हैं और किन लोगों को बेची जा रही हैं, इसका हिसाब ही गायब मिला।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के विशेष अभियान में गुरुग्राम और नूंह जिले के 46 मेडिकल स्टोर पर दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकार्ड में अनियमितताएं सामने आई हैं।

विभाग ने जारी किया नोटिस

विभाग ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर 44 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि दो के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए।

नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एफडीए हरियाणा के आयुक्त के निर्देश पर गुरुग्राम और नूंह जिले में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। औषधि नियंत्रण अधिकारियों की टीमों ने मेडिकल स्टोर पर उपलब्ध दवाओं के स्टाक, खरीद और बिक्री से संबंधित दस्तावेजों की जांच की।

कई मेडिकल स्टोर की गई जांच

विशेष रूप से उन नॉरकोटिक्स सब्सटेंस दवाओं का रिकार्ड खंगाला गया, जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा सकता है। जांच में कई दुकानों पर दवाओं की खरीद-बिक्री का अनिवार्य रिकॉर्ड संधारित नहीं मिला।

जांच के बाद गुरुग्राम जिले के 32 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें बादशाहपुर, कादीपुर, भोंडसी, न्यू कॉलोनी, राजीव नगर, झाड़सा रोड, सेक्टर-37डी स्थित सिग्नेचर ग्लोबल, मानेसर क्षेत्र के गांव बास हरिया अलियर, अलियर, बिलासपुर, गढ़ी हरसरू, नाहरपुर हसन, पटौदी और सोहना सहित अन्य क्षेत्रों की दुकानें शामिल हैं।

वहीं, नूंह जिले के 12 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें पुन्हाना, भादस, फिरोजपुर झिरका और तावड़ू सहित अन्य क्षेत्रों की दुकानें शामिल हैं।

भोंडसी और पुन्हाना में सबसे अधिक अनियमितताएं 

एफडीए की जांच में गुरुग्राम के भोंडसी क्षेत्र में छह और नूंह के पुन्हाना में सात मेडिकल स्टोर पर अनियमितताएं मिलीं।

इसके अलावा गुरुग्राम के गांव पथरेड़ी स्थित देव मेडिकल स्टोर और ताजनगर स्थित जेबीएम मेडिकोर का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। इन दोनों दुकानों पर नारकोटिक सब्सटेंस दवाओं के रिकार्ड में गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं।

गुरुग्राम और नूंह में कई दुकानों पर दवाओं के स्टाक और खरीद-बिक्री से संबंधित रिकार्ड में अनियमितताएं मिलीं। नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 44 दुकानों के लाइसेंस निलंबित और दो के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। - डॉ सुरेश कुमार, औषधि नियंत्रण अधिकारी (द्वितीय) गुरुग्राम

यह भी पढ़ें- ढपली गैंग ने भारत को पीछे ढकेलने में कसर नहीं छोड़ी, फिर से हो गया है एक्टिव; मंत्री सुनील शर्मा का बड़ा हमला


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।