जागरण की खबर का असर: अब जाम मुक्त होगा गुरुग्राम-अलवर हाईवे, SDM ने तय किए वैकल्पिक स्थान
गुरुग्राम-अलवर राजमार्ग पर अवैध कब्जों और वाहनों से लगने वाले भीषण जाम से लोगों को जल्द राहत मिलेगी। दैनिक जागरण की खबर के बाद एसडीएम और नपा सचिव ने बैठक कर विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक स्थान तय किए हैं।

रुहानी, एसडीएम(आईएएस), फिरोजपुर झिरका। जागरण
HighLights
गुरुग्राम-अलवर राजमार्ग पर अवैध कब्जों से भीषण जाम
दैनिक जागरण की खबर के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान
एसडीएम ने विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक स्थान किए निर्धारित
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका (मेवात): गुरुग्राम-अलवर राजमार्ग पर प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम और उससे जूझ रहे आम नागरिकों, वाहन चालकों व राहगीरों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने जा रही है।
राजमार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से खड़ी रेहड़ियों, सड़क किनारे वाहनों में हो रही फलों की थोक बिक्री और पंचर की दुकानों के कारण उत्पन्न हो रही जाम की गंभीर समस्या का समाचार दैनिक जागरण द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू और निर्बाध बनाने के उद्देश्य से उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) रुहानी आईएएस और नगरपालिका सचिव राजेश मेहता ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में संबंधित पक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए।
मुख्य मार्ग और सर्विस रोड बाधित
बता दें कि गुरुग्राम-अलवर राजमार्ग पर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक के आसपास दिन में कई बार जाम की स्थिति बन जाती थी। राजमार्ग के दोनों किनारों पर रेहड़ी लगाकर फल और सब्जी बेचने वालों, सड़क पर वाहन खड़े कर थोक में फल बेचने वाले व्यापारियों तथा टायर पंचर लगाने वालों के कारण मुख्य मार्ग और सर्विस रोड बाधित हो रहे थे।
इससे न केवल स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, बल्कि आपातकालीन सेवाओं और बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों का समय भी बर्बाद हो रहा था।
दैनिक जागरण की खबर का असर
दैनिक जागरण ने आमजन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अपने 14 नवंबर के अंक में जाम में फंस रहे लोग, प्रशासन की अनदेखी पर सवाल शीर्षक से सचित्र समाचार प्रकाशित किया था। खबर के माध्यम से राजमार्ग पर बन रहे जाम के कारणों और प्रशासनिक उदासीनता को प्रमुखता से उजागर किया गया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया और समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए।
शुक्रवार को लघु सचिवालय में हुई बैठक के दौरान एसडीएम और नगरपालिका सचिव ने फलों के थोक विक्रेताओं, रेहड़ी-फड़ी संचालकों और अन्य संबंधित लोगों से विस्तार से चर्चा की तथा जाम से निजात दिलाने के लिए वैकल्पिक स्थानों की व्यवस्था तय की।
व्यापारियों को अनाजमंडी में शिफ्ट किया जाएगा
बैठक में लिए गए निर्णयों के तहत गुरुग्राम-अलवर राजमार्ग पर रेहड़ी लगाकर फल एवं सब्जी बेचने वालों को डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन के पास निर्धारित स्थान दिया जाएगा। वहीं, राजमार्ग पर गाड़ी खड़ी कर थोक में फल बेचने वाले व्यापारियों को गुरुग्राम-अलवर राजमार्ग पर ही स्थित अनाजमंडी में शिफ्ट किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, टायर पंचर लगाने वालों को नाले के पार जगह उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राजमार्ग की सर्विस रोड को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त और खाली रखा जा सके।
आंबेडकर चौक के चारों ओर रेहड़ी लगाकर फल एवं सब्जी बेचने वालों के साथ लघु सचिवालय में शुक्रवार को मीटिंग की है। उनको सुझाव देकर एक सप्ताह का समय दिया है। गुरुग्राम- अलवर राजमार्ग पर लगने वाले जाम से लोगों को निजात दिलवाने के लिए ही यह मीटिंग की गई है।
-रुहानी, एसडीएम(आईएएस), फिरोजपुर झिरका।
यह भी पढ़ें- मेवात: शहर के नालों की बदहाली देख SDM ने लगाई फटकार, स्वच्छता में लापरवाही पर दी चेतावनी
यह भी पढ़ें- मेवात की सियासी जमीन पर चौटाला परिवार की नजर, देवीलाल की विरासत के सहारे जमीन तलाश रहे अभय और दुष्यंत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।