विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेवात की सियासी जमीन पर चौटाला परिवार की नजर, देवीलाल की विरासत के सहारे जमीन तलाश रहे अभय और दुष्यंत

Published: Wed, 18 Nov 2026 04:39 PM (IST)

चौटाला परिवार की दोनों राजनीतिक धाराएं (INLD और JJP) मेवात की सियासी जमीन पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी हैं।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड।

HighLights

  1. दुष्यंत चौटाला ने धौज में जनसभा कर मेवात में उपस्थिति दर्ज कराई।

  2. इनेलो ने पहले नूंह में रैली कर सियासी पकड़ मजबूत की थी।

  3. दोनों पार्टियां देवीलाल की विरासत के सहारे राजनीतिक जमीन तलाश रही हैं।

प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। मेवात की सियासी जमीन पर अब चौटाला परिवार की दोनों राजनीतिक धाराओं की नजर है। पहले इनेलो ने चौधरी देवीलाल की जयंती पर नूंह में प्रदेश स्तरीय रैली कर मेवात में अपनी पुरानी राजनीतिक पकड़ को फिर से मजबूत करने की कोशिश की।

अब जननायक जनता पार्टी (जजपा) भी इसी राह पर कदम बढ़ाती नजर आ रही है। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बुधवार को धौज गांव में जनसभा करने पहुंचे। जनसभा के बहाने पार्टी जहां मेव बहुल क्षेत्र में अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराएगी, वहीं छह दिसंबर को महेंद्रगढ़ में होने वाली पार्टी की रैली के लिए भीड़ जुटाने का न्योता भी दिया।

मेव बहुल बड़ा गांव

धौज गांव का चयन भी राजनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह मेव बहुल आबादी वाला गांव है और एनआइटी विधानसभा क्षेत्र का बड़ा गांव भी है। ऐसे में जजपा नेतृत्व की नजर इस क्षेत्र के मतदाताओं और पुराने राजनीतिक संपर्कों पर है।

पार्टी के लिए यह केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि उस क्षेत्र में दोबारा संवाद कायम करने की कोशिश भी है, जहां कभी चौटाला परिवार का खासा प्रभाव रहा है।

पुराना जुड़ाव है इस जमीन से

मेवात की राजनीति में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का पुराना जुड़ाव रहा है। चौटाला परिवार ने इस क्षेत्र में राजनीतिक रिश्ते बनाए और अपनी पैठ कायम की थी। इनेलो पार्टी से सन 2000 से लेकर 2014 तक पार्टी से कई बार विधायक रह चुके हैं।

अब परिवार की अगली पीढ़ी उसी विरासत के सहारे राजनीतिक जमीन तलाश रही है। दिलचस्प यह है कि इनेलो और जजपा दोनों ही चौधरी देवीलाल की राजनीतिक विरासत से जुड़ी पार्टियां हैं, लेकिन परिवार के राजनीतिक विभाजन के बाद दोनों के रास्ते अलग हो चुके हैं।

धौज जनसभा राजनीतिक गतिविधि की अगली कड़ी

अब जजपा की धौज में प्रस्तावित जनसभा को इसी राजनीतिक गतिविधि की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि सवाल यह है कि मेवात में राजनीतिक जमीन तलाशने निकली दोनों पार्टियां जनता के सामने केवल देवीलाल और ओमप्रकाश चौटाला की विरासत रखेंगी या फिर क्षेत्र की मौजूदा समस्याओं को भी अपनी राजनीति का केंद्र बनाएंगी।

फिलहाल मेवात में सियासी गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। एक तरफ अभय चौटाला अपनी राजनीतिक विरासत के सहारे इनेलो की मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं, तो दूसरी तरफ दुष्यंत चौटाला धौज पहुंचकर जजपा के लिए रास्ता तलाशने में लगे हुए हैं। दोनों की नजर एक ही राजनीतिक विरासत पर है।

यह भी पढ़ें- 'BJP और चुनाव आयोग की मिलीभगत से कटे मतदाता सूची से नाम...', दुष्यंत चौटाला का गंभीर आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।