फर्जी कागजात व चेसिस नंबर दिखाकर तीन-तीन बार किया रजिस्ट्रेशन
संवाद सूत्र कनीना फर्जी तरीके से कागजात तैयार कर पंजीकरण करवाने के मामले में कनीना था

संवाद सूत्र, कनीना: फर्जी तरीके से कागजात तैयार कर पंजीकरण करवाने के मामले में कनीना थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फर्जी दस्तावेज एवं चेसिस नंबरों के आधार पर छह वाहनों का तीन-तीन बार रजिस्ट्रेशन करने की घटना सामने आई है। कनीना रजिस्ट्रेशन अथारिटी के अंतर्गत ऐसी छह गाड़ी चिन्हित की गई है, जिनका रि-रजिस्ट्रेशन गलत तरीके से होना पाया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन की ओर से पुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़ व परिवहन आयुक्त चंडीगढ़ को 15 जनवरी 2022 को भेजी गई शिकायत पर वाहनों के रि-रजिस्ट्रेशन कर फ्राड करने का हवाला दिया गया है। एएसपी सिद्धांत जैन की ओर से भेजी गई शिकायत में कहा गया कि परिवहन आयुक्त चंडीगढ़ के मेमो नंबर 53173 पीएस टीसी 26 नवंबर 2021 के संदर्भ में वाहन रजिस्ट्रेशन अथारिटी कनीना से डिटेल प्राप्त की गई, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। वाहन पंजीकरण संख्या एचआर 23 एच 3710 बोलेरो, जो इंद्रसिंह कोटिया के नाम मिली, उसका पंजीकरण टोहाना रजिस्ट्रेशन अथारिटी में गलत कागजात लगाकर कराया जाना पाया गया। उसके बाद महेंद्रगढ़ व कनीना में भी गलत तरीके से रजिस्ट्रेशन कराया गया। इसी प्रकार वाहन संख्या एचआर 11 के 9873 क्रूजर, जो रमेश वासी सुंदरह के नाम मिली है, उसका रजिस्ट्रेशन गोहाना में गलत कागजात तैयार कर कराया गया। उसके बाद नारनौल व कनीना में भी गलत पंजीकरण किया गया। तीसरी वाहन संख्या एचआर 43 ए 4917 आल्टो कार आनर सुशील कुमार वासी पोता रजिस्ट्रेशन अथारिटी कनीना, उसे कोसली रजिस्ट्रेशन अथारिटी में गलत कागजात लगाकर पंजीकरण कराया गया। उसके बाद कनीना व महेंद्रगढ़ में भी गलत रजिस्ट्रेशन कराया गया। चौथे वाहन संख्या एचआर 23 एच 7556 बोलेरो, जिसका टोहाना में रजिस्ट्रेशन कराया गया था, बाद में गलत कागजात तैयार कर उसका पंजीकरण कनीना व फतेहाबाद में किया गया। पांचवें वाहन संख्या एचआर 71 जी 1680 क्रूजर रजिस्ट्रेशन अथारिटी कनीना का पंजीकरण बिलासपुर में गलत कागजात लगाकर पंजीकरण कराया गया। उसके बाद कनीना में भी गलत पंजीकरण किया गया। एक अन्य वाहन का भी इसी प्रकार रजिस्ट्रेशन किया गया। उपरोक्त वाहनों का रिकार्ड वाहन रजिस्ट्रेशन अथारिटी कनीना कार्यालय में वाहनों का रजिस्ट्रेशन कर फ्राड किया गया है। इंद्रसिंह, रमेश, सुशील व तीन अन्य नामालूम व्यक्तियों सहित रजिस्ट्रेशन अथारिटी से संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध अभियोग अंकित कर गहनता से जांच शुरू की गई है। वर्जन :
वाहन मालिकों ने कागजों पर स्टार मार्क लगाकर, गलत कागजात तैयार किए। अथारिटी ने वाहनों का रजिस्ट्रेशन कर नए नंबर जारी कर दिए। इस संदर्भ में महेंद्रगढ़ जिले के विभिन्न थानों में चार केस रजिस्टर्ड किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।