विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुफ्त बिजली योजना: 3115 परिवारों का सोलर प्लांट का इंतजार बढ़ा, नारनौल सर्कल को हर माह देने होंगे 770 कनेक्शन

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:19 AM (IST)

महेंद्रगढ़ जिले में पीएम सूर्य घर योजना के तहत 7398 परिवारों ने आवेदन किया, लेकिन 4283 घरों में ही सोलर प्लांट लग पाए, जिससे 3115 आवेदकों को लाभ नहीं मिला। 

अटेली में घर की छत पर लगाया गया सोलर प्लांट। जागरण

अटेली में घर की छत पर लगाया गया सोलर प्लांट। जागरण

HighLights

  1. महेंद्रगढ़ में 7398 आवेदन, 4283 घरों में लगे सोलर प्लांट।

  2. नारनौल सर्कल में 7625 लक्ष्य के मुकाबले 4544 कनेक्शन जारी।

  3. शेष 3081 कनेक्शन चार माह में पूरे करने का दावा।

विपिन कुमार, नारनौल। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगवाने के लिए महेंद्रगढ़ जिले के लोगों ने खूब रुचि दिखाई, लेकिन आवेदन करने वाले सभी परिवारों तक योजना का लाभ नहीं पहुंच पाया है।

जिले में अब तक 7398 परिवारों ने आवेदन किया, जबकि 4283 घरों की छतों पर ही सोलर प्लांट स्थापित हो सके हैं। यानी आवेदनों की संख्या और स्थापित प्लांट के बीच 3115 का अंतर है। दूसरी ओर, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के नारनौल सर्कल को चालू वित्तीय वर्ष में 7625 कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य मिला है, जिसमें से अब तक 4544 कनेक्शन जारी हुए हैं।

59.59 प्रतिशत लक्ष्य पूरा होने के बाद अब शेष चार महीनों में 3081 कनेक्शन जारी करने होंगे। एसई बिजली निगम जोगेंद्र हुड्डा का दावा है कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।

सब्सिडी मिली, सभी लाभार्थियों तक नहीं पहुंचा फायदा

योजना के तहत जिले में 3537 उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की सब्सिडी मिल चुकी है, जबकि 479 उपभोक्ताओं को हरियाणा सरकार की अतिरिक्त राज्य सब्सिडी का लाभ मिला है। केंद्र सरकार की ओर से तीन किलोवाट या इससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक सब्सिडी दी जाती है।

वहीं, हरियाणा सरकार कम आय वाले पात्र परिवारों को अतिरिक्त सहायता देती है। दो किलोवाट के प्लांट पर पात्र परिवार को केंद्र और राज्य की सब्सिडी मिलाकर अधिकतम 1.10 लाख रुपये तक सहायता मिल सकती है। हालांकि इसके लिए आय, परिवार पहचान पत्र, बिजली कनेक्शन के स्वीकृत लोड और बिजली खपत से जुड़ी शर्तें पूरी करनी होती हैं।

हिसार जोन ने कितने प्रतिशत लक्ष्य पूरा

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के हिसार और दिल्ली जोन में कुल 1.22 लाख सोलर कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य है। अब तक 75,808 कनेक्शन जारी हुए हैं। हिसार जोन ने 54,616 के लक्ष्य के मुकाबले 44,436 कनेक्शन जारी कर 81.36 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।

वहीं, दिल्ली जोन में 67,384 के लक्ष्य के मुकाबले 31,372 कनेक्शन जारी हुए हैं और उपलब्धि 46.56 प्रतिशत है। नारनौल सर्कल दिल्ली जोन का हिस्सा है और यहां 59.59 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हुआ है। इस तरह नारनौल की प्रगति दिल्ली जोन के औसत से बेहतर है, लेकिन हिसार जोन से काफी पीछे है।

चार महीने में 3081 कनेक्शन जारी करने होंगे

नारनौल सर्कल को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के लिए अब हर महीने औसतन करीब 770 कनेक्शन जारी करने होंगे। एसई बिजली निगम जोगेंद्र हुड्डा का कहना है कि योजना के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष समाप्त होने में चार महीने शेष हैं और इस अवधि में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- नारनौल: अनाज मंडी की ओर दो करोड़ से बनेगा नाला, जलभराव से मिलेगी राहत

यह भी पढ़ें- नारनौल डिपो को मिलेंगी 20 नई बसें, दिल्ली-जयपुर और ग्रामीण रूटों पर सफर होगा आसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।